Srinagar News: श्रीनगर के पंद्रेथन इलाके में एक परिवार के पांच सदस्यों की दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि बारामूला जिले के उरी इलाके के रहने वाले एक दंपति और उसके तीन बच्चे शाम को अपने किराये के मकान में मृत पाए गए। इस घटना पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने दुख जताया है।
पड़ोसियों ने पुलिस को दी सूचना
पुलिस ने बताया कि जब पड़ोसियों ने दिन में परिवार की कोई गतिविधि नहीं देखी। दिनभर किसी भी सदस्य के घर से बाहर न निकलने पर उन्हें शक हुआ। जिसके बाद पड़ोसियों ने स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घर के अंदर जाने पर सभी को मृत पाया गया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच से पता चला है कि परिवार के पांचों सदस्यों की मौत दम घुटने से हुई। इस मामले में अभी जांच की जा रही है।
कमरे में अंगीठी जलाने से ऑक्सीजन की कमी
घाटी में पिछले 40 दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ऐसे में लोग ज्यादातर अपने घरों में ही रह रहे हैं और अंगीठी जलाकर खुद को गर्म रख रहे हैं। जिसकी वजह से कमरे में ऑक्सीजन की कमी होने लगती है। जिस कारण दम घुटने से मौत की घटनाएं होती है। अधिकारियों ने लोगों को ऐसे उपकरणों का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी है।
(इनपुट - भाषा)
