शहर

गाजियाबाद: 'गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी' में भीषण आग, धूं-धूं जले फ्लैट्स, चश्मदीदों ने बताया आंखों देखा हाल, वीडियो भी डरा देगा

Ghaziabad Society Fire: अग्निशमन विभाग के अनुसार, गौर ग्रीन एवेन्यू सोसायटी की 11वीं मंजिल पर सुबह करीब 8:50 बजे आग लगी, जो तेजी से फैलकर कई अन्य मंजिलों के फ्लैटों तक पहुंच गई।

Image

गाजियाबाद की सोसायटी में भीषण आग (टाइम्स नेटवर्क)

Gaur Green Avenue Society Fire: गाजियाबाद के इंदिरापुरम क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में भीषण आग लग गई, जिसके बाद बड़े स्तर पर अग्निशमन और बचाव अभियान शुरू किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अग्निशमन विभाग के अनुसार, गौर ग्रीन एवेन्यू सोसायटी की 11वीं मंजिल पर सुबह करीब 8:50 बजे आग लगी, जो तेजी से फैलकर कई अन्य मंजिलों के फ्लैटों तक पहुंच गई। अधिकारियों के अनुसार, आग सातवीं से आठवीं मंजिल तक फैल गई थी। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और इसकी जांच जारी है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में वैशाली, साहिबाबाद और नोएडा समेत आसपास के क्षेत्रों से एक दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। अधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे तक आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया, हालांकि पूरी तरह से आग बुझाने के प्रयास जारी हैं। इस दौरान बचाव अभियान भी साथ-साथ चलाया गया। इमारत में फंसे कई निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिनमें एक बुजुर्ग व्यक्ति भी शामिल थे, जो ऑक्सीजन सपोर्ट पर थे। अग्निशमन कर्मियों ने उन्हें स्ट्रेचर के जरिए बाहर निकाला।

भीषण आग का आंखों देखा हाल

आग कितनी भीषण थी इसका आंखों देखा हाल वहां के कुछ लोग ने बताया। पोस्ट किए गए एक वीडियो में आग की भयावहता नजर आ रही है। मशहूर पत्रकार और यूट्यूबर अजीत अंजुम ने वीडियो में दिखाया कि आग ने कितना विकराल रूप धारण कर लिया था और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां कितनी बेबस नजर आ रही थीं। जैसे ही एक फ्लैट में आग लगती है, ये अगल-बगल के फ्लैट को भी अपनी जद में लेती है। बताया जा रहा है गैस लीकेज की वजह से सुबह 8:00 बजे एक फ्लोर पर आग लगी और उसके बाद देखते ही देखते एसी के यूनिट्स में जबरदस्त आग लग गई।

फ्लैट में लगी भीषण आग पर घर के पाइप से पानी डाला जा रहा था, जो नाकाफी था। पूरी बिल्डिंग धधक रही थी और धुआं ही धुआं नजर आ रहा था। टाइम्स संवाददाता भावना किशोर ने बताया कि इस आग के आसपास भी जाना नामुमकिन था। बिल्डिंग के ठीक नीचे भी आंख खोलना मुश्किल हो रहा था। सांस लेने में दिक्कत आ रही थी। इसी दौरान संवाददाता ने अजीत अंजुम से बात की। अजीत अंजुम ने कहा- मैं 13वें फ्लोर पर रहता हूं। उसके बगल वाला टावर है। पहले आग नौवें फ्लोर पर लगी। यह सी ब्लॉक है। 5-10 मिनट में आग चार फ्लोर तक फैल गई और उसके बाद मेरे टावर की ओर आने लगी।

गौर ग्रीन एवेन्यू में आग

गौर ग्रीन एवेन्यू में आग

फायर ब्रिगेड था हेल्पलेस

उन्होंने बताया, फायर ब्रिगेड के पास कोई भी एलिवेटेड सिस्टम नहीं था। वो हेल्पलेस थे। हम सब लोग 40 मिनट तक रहे। हम सब लोग छत पर थे। मेरा माली, ड्राइवर हमारे सोसाइटी के दोस्त उपर से बाल्टी से, सोसाइटी के पाइप से, घर के पाइप से पानी डाल रहे थे। गार्डनिंग की पाइप से पानी डालकर पहले अपने टावर के दो फ्लोर को हमने कोशिश की कि ये आग हमारे टावर तक नहीं पहुंचे। सामने वाली बालकनी में जहां तक हमारा पानी का फोर्स पहुंच सकता था, वहां तक पानी डालते रहे। लेकिन फिर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आईं।

जो फायर ब्रिगेड की दो गाड़ी आई, उनके पास कोई सिस्टम नहीं था। पानी मुश्किल से 30 फीट ही पहुंच रहा था। 45 मिनट तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी के पास एलिवेटेड सिस्टम नहीं था। मुझे कहा गया कि नोएडा से आ रही है। फायर ब्रिगेड के पास ऐसा सिस्टम तो होना चाहिए, इनकी सीढ़ी 50 मिनट बाद लगी। सबसे पहले नौवे फ्लोर पर आग लगी, हमें नहीं पता कि कैसे लगी, क्या हुआ, स्पार्क हुआ या कुछ और। ऊपर से हमने पानी मारा क्योंकि हम देख रहे थे कि फायर ब्रिगेड से हेल्पलेस हैं, तो हमारे पास कोई चॉइस नहीं था कि हम ऊपर जाके रिस्क लें।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article