Delhi Fire News: दिल्ली के ITO स्थित ट्रेड एंड टैक्सेस बिल्डिंग में गुरुवार सुबह आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 6 गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने में जुट गईं। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग के कारणों का भी अभी तक पता नहीं चल सका है।
इमारत की 12वीं मंजिल पर लगी आग
शुरुआती जानकारी के अनुसार आग बिल्डिंग की 12 मंजिल पर लगी, जहां सेल्स टेक्स का ऑफिस है। दमकल विभाग को गुरुवार सुबह करीब 8:36 बजे इस बहुमंजिला इमारत में आग लगने की सूचना मिली। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए मकल कर्मियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर तेजी से कार्रवाई की। बिल्डिंग के अंदर मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दमकल की टीम ने आग को अन्य मंजिलों पर फैलने से रोकने के लिए भी विशेष सतर्कता बरती।
किसी जनहानि की सूचना नहीं
फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब 9:10 बजे तक आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में अभी तक किसी के हताहत या घायल होने की कोई सूचना नहीं है। अधिकारियों के अनुसार, समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है ताकि आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
इस हादसे से एक दिन पहले बुधवार को दिल्ली के पालम में बहुमंजिला इमारत में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया था। जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 3 बच्चे भी शामिल थे। इस हादसे में 3 लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। इमारत पांच मंजिला थी और काफी व्यस्त इलाके में थी, जिस कारण यह हादसा और भीषण हो गया।
