Noida Fire News: नोएडा के एक औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने वाली इकाई में अचानक भीषण आग लग गई। जिसे बुझाने के दौरान मलबा गिरने से दो दमकलकर्मियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी आग लगने की वजह सामने नहीं आई है, मामले की जांच जारी है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - वाराणसी में पुलिस मुठभेड़ चांदी लूटकांड के दो आरोपी गिरफ्तार, एसओजी प्रभारी को लगी गोली
आग बुझाते समय दीवार और बीम गिरी
पुलिस के अनुसार, यह घटना सोमवार देर रात औद्योगिक क्षेत्र ईकोटेक-3 में स्थित ILGIM कंपनी की है। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कम से कम छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। जिसके बाद आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आग बुझाने के दौरान फैक्टरी परिसर की एक दीवार और लोहे का बीम अचानक गिर गया और इसकी चपेट में आने से पांच दमकलकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि सभी घायलों को तत्काल एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान दमकलकर्मी रोहित यादव और तीरथपाल सिंह ने दम तोड़ दिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - नमो भारत यात्रियों के लिए बड़ा अपडेट, 17 स्टेशनों के कई एंट्री और एग्जिट रहेंगे बंद; जानिए क्या है वजह
तीन घायलों की हालत स्थिर
प्रवक्ता ने बताया कि घायल दमकलकर्मियों राजपाल सिंह, मनीष कुमार और अमित कुमार की हालत खतरे से बाहर है, तीनों का इलाज जारी है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम भी मौजूद है। पुलिस के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
(इनपुट - भाषा)
