शहर

वाराणसी में पुलिस मुठभेड़ चांदी लूटकांड के दो आरोपी गिरफ्तार, एसओजी प्रभारी को लगी गोली

वाराणसी में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 27 किलो चांदी लूटकांड के दो आरोपी गिरफ्तार किए। फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगने से वे घायल हो गए, जबकि एसओजी प्रभारी गौरव कुमार के हाथ में गोली लगी है।

Image

पुलिस एनकाउंटर में दो बदमाश घायल

Photo : Times Now Digital

वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। जिसमें पुलिस ने 27 किलो चांदी लूटकांड के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जबकि एसओजी प्रभारी गौरव कुमार भी बदमाशों की गोली लगने से घायल हो गए। तीनों घायलों को इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

16 जुलाई को ज्वेलर्स दुकान से लूट

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को चौक थाना क्षेत्र में एक ज्वेलर्स की दुकान पर चांदी लूट की घटना हुई। जिसकी जांच में पुलिस टीम लगी हुई थी। इसी दौरान सोमवार रात एसओजी और चौक थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि लूट में शामिल दो आरोपी लंका क्षेत्र के लौटुबीर के पास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की। इस दौरान एक संदिग्ध कार आती हुई नजर आई, जिसे पुलिस ने रोकने की कोशिश की।

रुकने के बजाय बदमाशों ने की फायरिंग

पुलिस का कहना है कि जब उन्होंने कार रोकने का इशारा किया, तो आरोपियों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि एसओजी प्रभारी गौरव कुमार के हाथ में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।

चार किलो चांदी और नकदी बरामद

एसीपी दशाश्वमेध ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटी गई करीब चार किलो चांदी और कुछ नकदी बरामद की गई है। दोनों का इलाज होने के बाद उनसे पूछताछ कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article