शहर

पीडीपी चीफ महबूबा मुफ्ती और बेटी पर FIR दर्ज, इल्तिजा पर पुलिस अफसर को दांत से काटने का आरोप

Mehbooba Mufti: श्रीनगर में अनुच्छेद-370 को रद्द किए जाने के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान एक पुलिस अधिकारी के साथ कथित मारपीट और दांत काटने के आरोप में पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती और उनकी बेटी इल्तिजा मुफ्ती के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है।

Image

महबूबा मुफ्ती और बेटी इल्तिजा पर FIR दर्ज (फाइल फोटो)

Photo : PTI

Mehbooba Mufti: जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती और उनकी बेटी इल्तिजा मुफ्ती (Iltija Mufti) की मुश्किलें बढ़ गई हैं। महबूबा पर श्रीनगर में विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने का आरोप है। वहीं उनकी बेटी पर श्रीनगर में एक विरोध प्रदर्शन के दौरान ऑन-ड्यूटी पुलिस अधिकारी पर कथित तौर पर हमला करने और बदसलूकी करने के मामले में दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि महबूबा और इल्तिजा पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पीटीआई भाषा के मुताबिक यह पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ जब पीडीपी ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाए जाने के फैसले के विरोध में श्रीनगर स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन का आयोजन किया था। प्रदर्शनकारी इस विशेष दर्जे को दोबारा बहाल करने की मांग कर रहे थे। 4 अगस्त की रात महबूबा मुफ्ती के नेतृत्व में पार्टी कार्यालय के बाहर धरने के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस और झड़प हो गई।

इल्तिजा मुफ्ती पर ऑन ड्यूटी पुलिस अधिकारी से मारपीट का आरोप

पुलिस द्वारा लगाए गए आरोपों के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान इल्तिजा मुफ्ती ने अपनी आधिकारिक ड्यूटी कर रहे एक पुलिस अधिकारी को पकड़ लिया और उसके साथ हाथापाई की। आरोप यह भी है कि इल्तिजा ने पुलिस अफसर को हाथ पर दांत से काटा, जिससे खून बहने लगा और अधिकारी घायल हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।

कोठीबाग पुलिस स्टेशन में दर्ज इस मामले में इल्तिजा मुफ्ती को शुक्रवार को जांच में शामिल होने के लिए बुलाया गया है। इसके अलावा, पीडीपी के चार अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी पूछताछ और जांच में सहयोग करने के लिए पुलिस की तरफ से समन जारी किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article