शहर

पाम ऑयल और केमिकल से बन रहा था नकली घी, गुजरात में 1.67 करोड़ रुपये के रैकेट का भंडाफोड़; राजस्थान तक होती थी सप्लाई

Gujarat Fake Ghee Seized: गुजरात में मिलावटखोरी के खिलाफ जारी अभियान के तहत गांधीनगर रेंज पुलिस ने कलोल तालुका के छत्राल GIDC स्थित 'हैप्पी ऑयल इंडस्ट्रीज' पर छापा मारकर 1.67 रुपये करोड़ का संदिग्ध मिलावटी घी, पाम ऑयल और केमिकल जब्त किया है। डीआईजी वीरेन्द्र सिंह यादव के निर्देश पर एफएसएल और फूड एंड ड्रग्स विभाग के साथ मिलकर यह कार्रवाई की गई।

Image

गुजरात में मिलावटखोरी पर बड़ा प्रहार

Photo : Times Now Digital

Gujarat Fake Ghee Seized: गुजरात में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गांधीनगर रेंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कलोल तालुका के छत्राल GIDC स्थित हैप्पी ऑयल इंडस्ट्रीज पर छापा मारकर 1.67 करोड़ रुपये का संदिग्ध मिलावटी घी, पाम ऑयल और केमिकल जब्त किया है। इस कार्रवाई के बाद मामले में आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, छापेमारी गांधीनगर रेंज के डीआईजी आईपीएस वीरेन्द्र सिंह यादव के निर्देश पर की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि छत्राल स्थित योगेश्वर एस्टेट में संचालित हैप्पी ऑयल इंडस्ट्रीज में मिलावटी घी और पाम ऑयल तैयार कर गुजरात तथा राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) और फूड एंड ड्रग्स विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में संयुक्त कार्रवाई की।

छापे के दौरान पुलिस ने 1,825 कार्टन तैयार कथित मिलावटी घी, 220 टिन रिफाइंड पाम ऑयल, 223 ड्रम (200-200 लीटर) केमिकल, तथा बड़ी मात्रा में व्हाइट पाम ऑयल बरामद किया। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1.67 करोड़ रुपये आंकी गई है। सभी संदिग्ध नमूने जांच के लिए एफएसएल और फूड एंड ड्रग्स विभाग को भेजे गए हैं।

30 हजार लीटर तैयार संदिग्ध उत्पाद बरामद-DIG

प्रारंभिक पूछताछ में फैक्ट्री संचालक जनककुमार नाथालाल भावसार, निवासी चांदलोडिया (अहमदाबाद), ने कथित तौर पर बताया कि वह रिफाइंड पाम ऑयल और विदेशी आरएम (RM) केमिकल मिलाकर कम गुणवत्ता वाला घी तैयार करता था और उसे बिना किसी ब्रांड या लेबल के अहमदाबाद तथा राजस्थान के स्थानीय व्यापारियों को बेचता था। डीआईजी वीरेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि फैक्ट्री से करीब 30 हजार लीटर तैयार संदिग्ध उत्पाद भी बरामद किया गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के मिलावटी खाद्य पदार्थों का सेवन मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है और लंबे समय में गंभीर बीमारियों का कारण भी हो सकता है।

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

जांच में यह भी सामने आया है कि जनक भावसार के खिलाफ वर्ष 2024 में कड़ी में नकली घी बनाने का मामला दर्ज हो चुका है। पुलिस को आशंका है कि उस कार्रवाई के बाद उसने छत्राल में दूसरे लोगों के नाम पर गोदाम लेकर नया यूनिट शुरू किया था। इस मामले में कलोल तालुका पुलिस स्टेशन में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मिलावटी घी और पाम ऑयल की सप्लाई किन-किन व्यापारियों और बाजारों तक की गई थी।

मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त अभियान रहेगा जारी

डीआईजी वीरेन्द्र सिंह यादव ने कहा कि गांधीनगर रेंज के सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मिलावटी खाद्य पदार्थ बनाने या बेचने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!