शहर

Gujarat: फर्जी एनकाउंटर में पिता-पुत्र की हत्या को लेकर सात पुलिसवालों के खिलाफ दर्ज हुई FIR

गुजरात के सुरेन्द्रनगर जिले में चार साल पहले हुए एक कथित ‘फर्जी एनकाउंटर’ में पिता और नाबालिग भाई की मौत के मामले में चार साल बाद पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज किया गया है।

Image

चार साल बाद पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज

FIR Against Police: गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में 2021 में हुए एक फर्जी मुठभेड़ में एक SI समेत सात पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज किया गया है। इस मामले में एक व्यक्ति और उसके 14 वर्षीय बेटे की पुलिस ने कथित तौर पर हत्या कर दी थी। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी कि इस मामले में सात पुलिसवालों के खिलाफ FIR दर्ज हुई है।

पुलिस उपाधीक्षक जेडी पुरोहित ने बताया कि अदालत के आदेश के बाद बाजना पुलिस ने 29 मई को उपनिरीक्षक वीएन जडेजा और छह सिपाहियों के खिलाफ हनीफ खान मलिक (45) और उसके नाबालिग बेटे मदीन की कथित तौर पर हत्या करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की। पुरोहित ने आगे बताया कि जडेजा और छह सिपाहियों पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है। अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।

कथित फर्जी मुठभेड़ के समय बाजना थाने में तैनात पुलिसकर्मी फिलहाल अलग-अलग इलाकों में सेवा दे रहे हैं। मलिक के वकील पुनीत दवे ने बताया, इस साल अप्रैल में मलिक की नाबालिग बेटी सुहाना की अर्जी पर सुनवाई करते हुए पाटडी तालुका की एक मजिस्ट्रेट अदालत ने पुलिस को इन सात पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया था।

इसके पहले गुजरात उच्च न्यायालय ने जुलाई 2024 में एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए मजिस्ट्रेट को कथित फर्जी मुठभेड़ की जांच करने का निर्देश दिया था।

दवे ने बताया कि आरोपी पुलिसकर्मियों और राज्य सरकार ने बाद में सत्र न्यायालय में मजिस्ट्रेट के आदेश को चुनौती दी, जिसमें दावा किया गया कि अधीनस्थ न्यायालय को प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश देने के बजाय पहले जांच करनी चाहिए थी।

वकील ने बताया, हालांकि, ध्रांगधरा की सत्र अदालत ने दो मई को रिवीजन पिटीशन को खारिज कर दिया, जिससे FIR दर्ज करने का रास्ता साफ हो गया।

(इनपुट-भाषा)

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article