शहर

UP के फतेहपुर में खाना बनाते समय फटा गैस सिलेंडर, मकान ढहने से 4 लोगों की मौत; मुआवजे की घोषणा

फतेहपुर के मलवा में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर फटने से मकान ढह गया। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हैं। CM योगी ने राहत कार्य के दिए निर्देश।

Image

धमाके से पूरा मकान जमींदोज

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के मलवा थाना क्षेत्र में एक घर में खाना बनाते समय अचानक LPG गैस सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना भीषण था कि मकान ढह गया और परिवार के करीब आधा दर्जन लोग मलबे के नीचे दब गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. उदय भान सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में मलबे में दबे लोगों में से 4 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 2 अन्य गंभीर घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

खाना बनाते समय हुआ दर्दनाक हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा जिले के मलवा इलाके में उस समय हुआ जब घर की रसोई में खाना बनाया जा रहा था। अचानक सिलेंडर में आग लगी और देखते ही देखते उसमें एक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की तीव्रता इतनी थी कि पूरा मकान जमींदोज हो चुका था और अंदर मौजूद लोग मलबे में फंस गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मलबे को हटाकर फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने के लिए तुरंत बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। मलबे से निकालकर सभी को पास के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 4 लोगों को मृत घोषित कर दिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया संज्ञान, मुआवजे की घोषणा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फतेहपुर में हुई इस हृदयविदारक घटना का तत्काल संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। CM योगी ने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने यह जानकारी दी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article