Faridabad Water Supply: फरीदाबाद के लोगों को आगामी दो दिनों तक पेयजल संकट का सामना करना पड़ सकता है। अगले 48 घंटों के दौरान कई इलाकों में पानी की आपूर्ति प्रभावित रह सकती है। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (FMDA) ने जानकारी दी है कि 29 जून से 1 जुलाई तक रेनीवेल जलापूर्ति लाइन नंबर-2 पर कनेक्शन जोड़ने का काम किया जाएगा। जिसके कारण पानी की सप्लाई बंद रहेगी।
इन इलाकों में पेयजल आपूर्ति रहेगी बंद
प्राधिकरण के अनुसार, बदरपुर गांव में जलापूर्ति लाइन पर कनेक्शन जोड़ने का कार्य किया जाएगा। इस दौरान दो दिनों तक रेनीवेल लाइन नंबर-2 से जुड़े कई क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति प्रभावित रहेगी। जिन इलाकों में पानी की सप्लाई बंद रहेगी उनमें तिरखा कॉलोनी, शिव कॉलोनी, चावला कॉलोनी, सेक्टर-24, मुजेसर, सेक्टर-7, सेक्टर-8, बल्लभगढ़ का सेक्टर-3 सहित फरीदाबाद और बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्रों के कई अन्य हिस्से शामिल हैं।
एफएमडीए ने बताया कि यह काम भविष्य में बेहतर और निर्बाध पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहा है। हालांकि, मरम्मत और कनेक्शन जोड़ने के दौरान लाइन से पानी की सप्लाई रोकना जरूरी होगा। जिससे प्रभावित इलाकों में अस्थायी रूप से पेयजल उपलब्ध नहीं हो सकेगा।
पानी की किल्लत से बचना है तो आज ही कर लें तैयारी
मुख्य अभियंता विशाल बंसल ने लोगों से अपील की है कि वे पानी की सप्लाई बंद होने से पहले अपने घरों में पर्याप्त मात्रा में पानी का भंडारण कर लें। जिससे लोगों को अगले 48 घंटे तक किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने लोगों से पानी का इस्तेमाल सोच-समझकर करने की सलाह दी है। FMDA ने यह भी कहा है कि पानी की आपूर्ति से जुड़ी किसी भी जानकारी, शिकायत या शटडाउन की प्रगति जानने के लिए लोग जलापूर्ति प्रभारी कनिष्ठ अभियंता जसवंत से उनके मोबाइल नंबर 9810530284 पर संपर्क कर सकते हैं।
