Ranchi Crime News: रांची पुलिस ने गुरुनानक स्कूल के शिक्षक शिव प्रसाद की हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने हत्यकांड के चार साल बाद बताया है कि शिक्षक की हत्या कोचिंग प्रतिस्पर्धा में करवाई गई थी। कोचिंग संचालक ने शूटर को 5 लाख रुपए दिए थे, जिसके बाद अपराधियों ने 7 जुलाई 2018 को शिक्षक शिव प्रसाद को लालपुर से कोकर जाते वक्त गोलियां मार दी थीं।
बता दें शिव प्रसाद गुरुनानक स्कूल के शिक्षक थे। इसके साथ ही वह क्लब रोड स्थित सिटी सेंटर में अपना कोचिंग सेंटर चलाते थे। शिव केमिस्ट्री के शिक्षक थे और इनका सेंटर काफी अच्छा चल रहा था। इससे अन्य कोचिंग संचालकों में रोष पैदा हो गया था। इस वजह से उन लोगों ने इनकी हत्या करवा दी।
जेल से मिले सुराग से पुलिस ने सुलझाई हत्या की गुत्थी
पुलिस का कहना है कि शूटर हत्या को अंजाम देने के बाद सब्जी बाजार की ओर से भाग निकले थे। पुलिस ने जेल से मिले सुराग से हत्या की गुत्थी सुलझाई है। इस हत्याकांड में तीन शूटर शामिल थे। तीनों में से एक शूटर आर्म्स एक्ट में पहले जेल जा चुका था। इसने ही जेल में शिव प्रसाद की हत्या से जुड़े अहम सुराग दिए थे। बताया था कि शिक्षक की हत्या तीन लोगों ने मिलकर की थी, जिसके बाद पुलिस ने अन्य दो शूटरों को गिरफ्तार किया है।
