Faridabad: फरीदाबाद के लोगों के लिए खुशखबरी है। इस साल फरीदाबाद डिपो को हरियाणा रोडवेज की तरफ से 135 नई बसें मिलने जा रही हैं। जिसके बाद डिपो की मांग के अनुसार फरीदाबाद के बस बेड़े में 225 बसें पूरी हो जाएंगी। अधिकारियों के अनुसार, इनमें से 20 नई बसें बीते सप्ताह फरीदाबाद को मिल चुकी हैं और इस माह के आखिरी सप्ताह या मार्च माह के पहले सप्ताह में 25 अतिरिक्त बसें डिपो की बेड़े में जुड़ जाएंगी। इसके बाद हर माह डिपो को 15 से 20 नई बसें मिलती रहेंगी। इन सभी बसों के आने के बाद फरीदाबाद के लोगों की यात्रा बेहद सुगम हो जाएगा।
बता दें कि इन 135 डीजल बसों के अलावा फरीदाबाद को अप्रैल माह तक 50 इलेक्ट्रिक बसें भी मिलने वाली हैं। साथ ही 60 नई एचवीएसी बसें भी इस साल के आखिर तक फरीदाबाद डिपो के बेड़े में शामिल हो जाएंगी। इसके बाद फरीदाबाद से आसपास के शहरों के बीच इन इलेक्ट्रिक और एचवीएसी बसों को चलाया जाएगा। साथ ही डीजल बसों को लंबे रूट पर चलाया जाएगा। फरीदाबाद डिपो के ट्रैफिक मैनेजर नवनीत बजाज ने बताया कि बीते सप्ताह मिली 20 डीजल बसों में से करीब एक दर्जन बसों का संचालन लंबे रूट पर शुरू कर दिया गया है। साथ ही कुछ बसों को अभी पलवल और गुरुग्राम रूट पर ट्रायल के तौर चलाया जा रहा।
