फरीदाबाद

Faridabad: अरावली की पहाड़ियों में मिला मानव कंकाल, ट्रॉली बैग में रखकर फेंका गया, मचा हड़कंप

  • Produced by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 25, 2022, 01:53 PM IST

Faridabad: फरीदाबाद में एमवीएन चौक के पास अरावली की पहाड़ियों में एक मानव कंकाल मिलने से हड़कंप मच गया है। इस कंकाल को ट्रॉली बैग के अंदर रखकर फेंका गया था। पुलिस को बैग में शरीर के कमर का नीचे का हिस्‍सा मिला है। पुलिस को शक है कि, शव को काटकर ठिकाने लगाया गया है। पुलिस अभी जंगल में तलाशी अभियान चला रही है।

Image

अरावली की पहाड़ियों में मिला मानव कंकाल (प्रतीकात्मक तस्वीर)

KEY HIGHLIGHTS
  • एमबीएन चौक से करीब 200 मीटर अंदर जंगल में शव मिला
  • शव करीब एक से दो माह पुराना, बैग में कमर के नीचे का हिस्सा मिला
  • फरीदाबाद पुलिस कंकाल को श्रद्धा हत्‍याकांड से भी जोड़कर देख रही

Faridabad: फरीदाबाद के सूरजकुंड-पाली रोड पर अरावली की पहाड़ियों में एक मानव कंकाल मिलने से हड़कंप मच गया है। इसे एमवीएन नाके के पास सड़क से करीब 200 मीटर अंदर जंगल में एक ट्रॉली बैग के अंदर काट कर फेंका गया था। पुलिस की फॉरेंसिक टीम में पता चला कि, बैग के अंदर शव का पूरा हिस्‍सा नहीं है। बैग में सिर्फ मानव शरीर के कमर से नीचे का हिस्‍सा है। शव पूरी तरह से कंकाल में बदल चुका है, जिससे यह पता नहीं चल पाया कि, शरीर का यह हिस्सा किसी महिला का है या पुरुष का। पुलिस ने कंकाल का पोस्टमार्टम कराने के लिए अस्‍पताल भेज दिया है।

जांच के दौरान पुलिस को शव से कुछ दूरी पर कपड़े भी मिले हैं, जो किसी महिला के लग रहे हैं। इसलिए अभी पुलिस इसे महिला का कंकाल होने की संभावना जता रही है। पुलिस को शक है कि, हत्‍या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए शरीर के हिस्‍सों को काटकर अलग कर दिया गया। इसके बाद हत्‍यारे द्वारा इसे जंगल के अंदर फेंक दिया गया। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी तलाशी अभियान चला रही है। पुलिस को आशंका है कि, हत्‍यारों द्वारा शव के बाकि हिस्‍सों को भी अरावली की पहाड़ियों में ही फेंका गया होगा।

दिल्‍ली पुलिस को भी दी गई सूचना

पुलिस के अनुसार, अमीपुर निवासी युवक जंगल के अंदर गया था। इसी दौरान उसने ट्रॉली बैग को देखा और इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने जब ट्रॉली बैग को खोलकर देखा तो उसमें नीले रंग की एक पॉलिथीन में मानव कंकाल का हिस्सा पड़ा था। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। पुलिस इस मामले को श्रद्धा हत्याकांड से जोड़कर भी देख रही है। इसलिए पुलिस ने कंकाल मिलने की जानकारी दिल्‍ली पुलिस को भी दे दी है। दिल्ली पुलिस आज इस जांच में शामिल होगी। इसलिए पुलिस पिछले डेढ़ महीने की सीसीटीवी फुटेज खंगालेगी। सूरजकुंड थाना प्रभारी बलराज सिंह ने बताया कि, जहां पर शव मिला है, इससे कुछ दूरी पर एक सीसीटीवी कैमरा लगा है। इसके डेढ़ महीने के रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। साथ ही जंगल के अंदर भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस को इस बात का भी संदेह है कि, कहीं कंकाल के अन्य हिस्से को जंगली जानवर तो नहीं खा गए। पुलिस का अनुमान है कि, यहां पर इस कंकाल को एक से दो माह पहले फेंका गया।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article