Faridabad: सूरजकुंड-पाली रोड पर अरावली के जंगल में एक ट्रॉली बैग के अंदर मिले मानव कंकाल के हिस्से को लेकर फरीदाबाद से लेकर दिल्ली तक हड़कंप मचा हुआ है। फरीदाबाद पुलिस की सूचना पर शुक्रवार को दिल्ली पुलिस की एक टीम मानव कंकाल की जांच के लिए फरीदाबाद पहुंची। करीब दो घंटे की जांच के बाद टीम ने कहा है कि कंकाल का हिस्सा श्रद्धा के शव से जुड़ा नहीं है। जिसके बाद फरीदाबाद पुलिस ने अपने स्तर पर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इस मामले में सूरजकुंड थाने में हत्या व सबूत नष्ट करने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस का मानना है कि किसी दूसरी जगह हत्या कर शव को यहां पर ठिकाने लगाया गया है। प्रथम दृष्टया कंकाल का हिस्सा किसी महिला का प्रतीत हो रहा है।
बता दें कि इन दिनों पूरे देश में श्रद्धा हत्याकांड की चर्चा चल रही है। आरोपी प्रेमी ने हत्या के बाद शव के कई टुकड़े कर दिल्ली व आसपास के क्षेत्रों में शरीर के अंगों को ठिकाने लगाने की बात कबूली है। यही वजह है कि जब जंगल में मानव कंकाल का हिस्सा मिला तो फरीदाबाद पुलिस ने इसकी जानकारी दिल्ली पुलिस को भी दी। श्रद्धा हत्याकांड की जांच कर रही एक टीम ने फरीदाबाद पहुंचकर कंकाल की जांच की। अधिकारियों के अनुसार, श्रद्धा की हत्या करीब छह माह पहले हुई है, जबकि जो कंकाल मिला है, वह करीब दो माह पुराना है।
