Faridabad Crime: हरियाणा के फरीदाबाद से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के फतेहपुर बिल्लौच गांव में पुरानी दुश्मनी का बदला लेने के लिए एक 21 साल के युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्यारों ने वारदात को एक सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की और युवक की बाइक को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस पूरी खौफनाक घटना का सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल (Faridabad CCTV Viral Video) हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक का नाम तरुण (Tarun Murder Case) था, जो आईएमटी फरीदाबाद स्थित एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। शनिवार की रात वह अपने दोस्तों के साथ गांव की एक दुकान पर पार्टी कर रहा था। रात करीब 10 बजे जब वह अपनी बाइक से घर के लिए निकला, तो रास्ते में सामने से आ रही एक काले रंग की स्कॉर्पियो ने उसे रौंद दिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक के पहिये टूट गए और तरुण हवा में उछलकर करीब 20 मीटर दूर जा गिरा। उसके दोस्त तुरंत उसे अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: पहली ही बारिश में खुली विकास की पोल, उद्घाटन के दो महीने बाद धंसा गंगा एक्सप्रेसवे का लिंक रोड
पैरोल पर आया था मुख्य आरोपी
तरुण के परिवार वालों का सीधा आरोप है कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि एक सोची-समझी हत्या है। परिजनों के मुताबिक, स्कॉर्पियो में सागर, विकास और नारायण नाम के युवक सवार थे। मुख्य आरोपी सागर पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और हैरानी की बात यह है कि वह घटना से महज दो दिन पहले ही जेल से पैरोल पर बाहर आया था। पुरानी रंजिश के चलते ही इन लोगों ने तरुण को मौत के घाट उतारा।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की भयानकता और वायरल वीडियो को देखते हुए फरीदाबाद पुलिस (Faridabad police) तुरंत हरकत में आ गई। डीसीपी प्रतीक अग्रवाल ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए विकास नाम के एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो को भी कब्जे में ले लिया गया है। बाकी फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
