शहर

फरीदाबाद थाने से गायब 32 लाइसेंसी हथियार बरामद, 20 आरोपी गिरफ्तार; ITI छात्र निकला मास्टरमाइंड

हरियाणा के फरीदाबाद में सेक्टर-8 थाना मालखाने से गायब हुए 32 लाइसेंसी हथियार पुलिस ने बरामद कर लिए हैं और 20 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में मालखाना प्रभारी को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

Image

(सांकेतिक फोटो)

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

हरियाणा के फरीदाबाद से पुलिस महकमे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। सेक्टर-8 थाना के मालखाने से कथित तौर पर पर चोरी किए गए 32 लाइसेंसी हथियार आखिरकार बरामद कर लिए गए हैं। इस मामले में पुलिस ने 20 लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार, हथियारों की चोरी कथित तौर पर मालखाने से जुड़े एक आईटीआई प्रशिक्षु ने की थी। पुलिस के अनुसार, प्रशिक्षु पर पिछले सात महीनों के दौरान चोरी किए गए हथियारों की हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में आपूर्ति करने का आरोप है।

ITI का छात्र निकला आरोपी

पुलिस ने बताया कि जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी मोनू आईटीआई में कंप्यूटर डिप्लोमा का छात्र है। वह प्रशिक्षु के रूप में पुलिस विभाग से जुड़ा था और थाना परिसर में कंप्यूटर संबंधी कार्य करता था। पुलिस ने बताया कि अपराध शाखा ने मोनू और उसकी प्रेमिका को इस मामले के संबंध में पकड़ा है।

पुलिसकर्मी के निलंबन के साथ जांच शुरू

फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता ने बताया, "अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने आईटीआई छात्र मोनू सहित आरोपियों को गिरफ्तार कर सभी चोरी किए गए हथियार बरामद कर लिए हैं। जांच के दौरान मालखाना प्रभारी उपनिरीक्षक बिजेंद्र सिंह की लापरवाही सामने आई, जिसके बाद उन्हें निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।" हालांकि, पुलिस ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि गिरफ्तार किए गए अन्य 19 आरोपियों ने ये हथियार मोनू से खरीदे थे या नहीं। सूत्रों के अनुसार, आरोप है कि मोनू ने ये हथियार लाखों रुपये में बेचे थे। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article