शहर

जंगल में खूनी वारदात; सोना-चांदी बने काल, बदमाशों ने बुजुर्ग महिला के पैर काटकर लूटे जेवरात

राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां लालच ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। बौंली थाना क्षेत्र के कोड़याई गांव में लूट के इरादे से बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी। सोने-चांदी के आभूषणों के लिए की गई इस क्रूर वारदात से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश फैल गया है।

Image

राजस्थान में सोने-चांदी के लिए बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Rajasthan News: सोना-चांदी की बढ़ती कीमतें एक महिला के लिए जानलेवा साबित हुईं। राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के बौंली थाना क्षेत्र के कोड़याई गांव में लूट की नीयत से बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी। आरोपियों ने महिला के दोनों पैर काटकर अलग कर दिए और गला रेतकर उसकी हत्या कर दी, इसके बाद सोने-चांदी के आभूषण लूटकर मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, कोड़याई गांव निवासी 60 वर्षीय कमला देवी बकरियां चराने के लिए गांव के पास स्थित जंगल में गई थीं। इसी दौरान गांव से लगभग तीन किलोमीटर दूर जंगल में घात लगाए अज्ञात लुटेरों ने उन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने पहले महिला के दोनों पैर काट दिए और फिर गर्दन रेतकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी महिला के पहने हुए सोने-चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए।

13 से 14 लाख रुपये जेवरात लूटे

बताया जा रहा है कि महिला ने पैरों में लगभग ढाई किलो वजन के चांदी के कड़े पहन रखे थे। इसके अलावा उनके गले में चांदी की चेन, कानों में सोने के कुंडल, नाक में सोने की नथ तथा गले में सोने का जंतर था। लुटेरों ने महिला की हत्या करने के बाद ये सभी सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। अनुमान है कि, लूटे गए चांदी के कड़ों की बाजार कीमत करीब साढ़े छह लाख रुपये बताई जा रही है, जबकि लगभग पांच तोला सोने की कीमत करीब साढ़े सात लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह बदमाश करीब 13 से 14 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए।

कैसे मिली घटना की जानकारी

घटना की जानकारी ग्रामीणों और परिजनों को उस समय मिली जब महिला शाम तक घर नहीं लौटी। इसके बाद उसका बेटा उसे तलाशते हुए जंगल पहुंचा, जहां उसने महिला को मृत अवस्था में पड़ा पाया। घटनास्थल पर महिला के दोनों पैर कटे हुए अलग पड़े थे। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की सूचना पर बौंली के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीलकमल मीना और बौंली थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

गांव में आक्रोश की लहर

घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने विरोध स्वरूप मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना से संबंधित अहम साक्ष्य एकत्र किए। वर्तमान में मृतका का शव घटनास्थल पर ही रखा गया है। पुलिस ने फॉरेंसिक जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया, जिसने मौके पर पहुंचकर जरूरी सबूत जुटाए। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को पुलिस द्वारा कब्जे में लेकर बौंली अस्पताल भिजवाया जाएगा। इस बीच पुलिस अन्य कानूनी कार्रवाई करते हुए अज्ञात हत्या एवं लूट की वारदात में शामिल आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। वहीं ग्रामीणों ने दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article