शहर

सिवान में बालू लदा ट्रैक्टर गुमटी में घुसा, बुजुर्ग दुकानदार की मौत के बाद भड़का लोगों का गुस्सा; पुलिस पर हुआ पथराव

बिहार के सिवान में एक बालू लदा बेकाबू ट्रैक्टर सड़क किनारे बनी गुमटी में घुस गया, जिससे 70 वर्षीय दुकानदार की जान चली गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। पथराव में दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जबकि पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Image

बिहार के सिवान में दर्दनाक हादसे ने मचाया बवाल

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Siwan News: बिहार के सिवान जिले में रविवार को एक तेज रफ्तार बालू लदा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी एक गुमटी में जा घुसा, जिससे एक दर्दनाक हादसा हो गया। घटना दरौली थाना क्षेत्र के टोका नारायणपुर गांव की बताई जा रही है। दुर्घटना में गुमटी संचालक 70 वर्षीय महेश बिन गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बचाने की कोशिश की गई, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बुजुर्ग की मौत से आक्रोशित लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दी। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और हादसे के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

माहौल अचानक हो गया तनावपूर्ण

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, प्रदर्शनकारियों को शांत कराने और सड़क से जाम हटवाने के दौरान माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया और पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति बन गई। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि एक सरकारी वाहन को भी नुकसान पहुंचा। ग्रामीणों का आरोप है कि डायल-112 पुलिस टीम की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। झड़प में घायल हुए एएसआई अभिषेक कुमार और सिपाही चंदन यादव को तत्काल उपचार के लिए सिवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उनका इलाज जारी है।

कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई

घटना के बाद सिवान के पुलिस अधीक्षक पूरण कुमार झा सदर अस्पताल पहुंचे और घायल पुलिसकर्मियों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और उपलब्ध वीडियो फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि सरकारी कार्य में बाधा डालने और हिंसा में शामिल लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा सके। एसपी पूरण कुमार झा ने बताया कि हादसे और उसके बाद हुई हिंसा में दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि बालू से भरा ट्रैक्टर एक गुमटी में घुस गया था, जिससे एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन वहां पहुंचते ही पुलिस टीम पर पथराव किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है और दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदी author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article