Delhi Metro Blue Line Delay: दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने जानकारी दी है कि ब्लू लाइन पर आनंद विहार और वैशाली स्टेशन के बीच तकनीकी खराबी के कारण ट्रेन सेवाओं में देरी हुईं। यात्रियों को इस रूट पर सफर के दौरान कुछ समय तक इंतजार करना पड़ा। हालांकि, डीएमआरसी ने एक अपडेट जारी करते हुए अपने एक्स पर लिखा था कि, मेट्रो की अन्य सभी लाइनों पर ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।
दिक्कत की वजह सेवाएं प्रभावित
बाद में डीएमआरसी ने एक सर्विस अपडेट जारी करते हुए बताया कि, OHE (ओवरहेड इक्विपमेंट) की दिक्कत की वजह से आनंद विहार से वैशाली के बीच कुछ समय के लिए कोई ट्रेन सर्विस उपलब्ध नहीं है। इसे ठीक करने का काम चल रहा था। बता दें कि इसके चलते सबसे ज्यादा परेशान ऑफिस से निकल रहे लोग हुए।
नॉर्मल सर्विस फिर से शुरू हुई
वहीं तकरीबन दो घंटे के बाद लोगों को तब राहत मिली जब ब्लू लाइन पर नॉर्मल सर्विस फिर से शुरू हो गईं। अब तक यह नहीं पता चला है कि ओवरहेड इक्विपमेंट में दिक्कत आई कैसे? बता दें कि दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन (Blue Line) पर कुल 59 मेट्रो स्टेशन हैं, जो द्वारका सेक्टर 21 से नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी / वैशाली तक ऑपरेट होते हैं।
यमुना बैंक से आनंद विहार के बीच सिंगल लाइन पर ट्रेनों का संचालन
जानकारी के मुताबिक, कनेक्टिविटी बनाए रखने के लिए यमुना बैंक से आनंद विहार के बीच कुछ समय तक सिंगल लाइन पर ट्रेनों का संचालन किया गया। वहीं नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी से द्वारका सेक्टर 21 तक के सेक्शन पर सामान्य रूप से मेट्रो सेवाएं चलती रहीं। इस तकनीकी बाधा के कारण कई स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे अफरातफरी जैसी स्थिति देखने को मिली। कुछ यात्रियों ने इस भीड़ और अव्यवस्था के वीडियो सोशल मीडिया पर भी साझा किए। इसके अलावा, सोमवार सुबह सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशन पर सिग्नलिंग में आई खराबी के चलते वायलेट लाइन पर भी मेट्रो संचालन कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ था।
