शहर

'मैं उन्हें अच्छे से जानता था', धुरंधर-2 में अतीक अहमद वाले सीन पर आया BJP मंत्री का कमेंट

धुरंधर-2 में यूपी के माफिया अतीक अहमद के किरदार को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं। इस पर भारतीय जनता पार्टी के मंत्री राम कृपाल यादव का बयान आया है। आइये जानते हैं उन्होंने क्या कहा?

Image

धुरंधर-2 फिल्म पर क्या बोले मंत्री राम कृपाल यादव (फोटो-@ramkripalmp)

पटना : आदित्य धर और रणवीर सिंह की मच-अवेटेड फिल्म 'धुरंधर-2' दर्शकों के दिलों से लेकर सिनेमाघरों तक पर राज कर रही है। माना जा रहा है कि फिल्म ओपनिंग के मामले में 'धुरंधर' का भी रिकॉर्ड तोड़ सकती है। फिल्म गैंगस्टर अतीक अहमद के किरदार को लेकर भी चर्चा है। फिल्म में उनसे प्रेरित एक किरदार को दिखाया गया है, जिसको लेकर सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है। इस मामले पर बिहार के मंत्री राम कृपाल यादव ने बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि अतीक अहमद को दिखाकर ठीक किया।

फिल्म धुरंधर-2 को लेकर मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि फिल्में मूल रूप से समाज में घटित होने वाली घटनाओं को दर्शाती हैं और उन्हें जनता के सामने प्रस्तुत करती हैं। अतीक अहमद सांसद थे। मेरे साथ वे सांसद के रूप में थे और मैंने उन्हें खुद देखा है। मैं उन्हें बहुत अच्छे से जानता भी था। इन सब आधार पर यही कह सकता है कि उनको दिखाकर ठीक किया है और लोगों ने फिल्म को सराहा है। फिल्म बनाने वाले डायरेक्टर और फिल्म की पूरी टीम को मेरी तरफ से शुभकामनाएं।

धुरंधर-2 में नोटबंदी का जिक्र

बता दें कि फिल्म में आतिफ अहमद का किरदार शामिल किया गया है, जिसे यूपी के गैंगस्टर अतीक अहमद से प्रेरित बताया जा रहा है। वायरल सीन में आतिफ अहमद नोटबंदी की खबर को टीवी पर रखते हुए मेजर इकबाल से बात करता है। फिल्म में अतीक अहमद के आखिरी समय में कही गई बातों और मौत के सीन को भी दिखाया गया है, जिसमें वह कहता है कि 'मेरे बेटे के जनाजे पर भी जाने की इजाजत नहीं मिली,' और तभी अंधाधुंध गोलियां चलने लगती हैं।

इस किरदार को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की बातें कही जा रही हैं। कुछ लोगों का मानना है कि अतीक अहमद के मरने के बाद कुछ भी कहा जा रहा है। सरकार यह पहले साबित क्यों नहीं कर पाई, जबकि कुछ यूजर्स का कहना है कि पीएम मोदी द्वारा नोटबंदी का फैसला बिल्कुल ठीक था क्योंकि भारत और पाकिस्तान में बैठे कुछ लोग देश को बर्बाद करने की साजिश रच रहे थे।

समाजवादी पार्टी के नेता एस. टी. हसन ने क्या कहा

फिल्म 'धुरंधर 2' में माफिया डॉन अतीक अहमद के आईएसआई से सीधे संबंध को दिखाए जाने पर समाजवादी पार्टी के नेता एस. टी. हसन ने कहा कि आप अपने चैनलों पर इसका प्रचार कर सकते हैं। जनता यह देखने के लिए उत्सुक होगी कि फिल्म में क्या है। उनकी फिल्म सफल रही। यह भी एक रणनीति है। और मुझे लगता है कि फिल्म कंपनियां भी पार्टियों से नफरत फैलाने के लिए पैसे लेती हैं।''

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article