उत्तर भारत के एक बड़े हिस्से में घने कोहरे के कारण जनजीवन को पूरी तरह से थम गया है। पंजाब से लेकर बिहार तक फैले इस घने कोहरे के कारण शुक्रवार को दृश्यता (Visibility) में भारी गिरावट दर्ज की गई। कोहरे के कारण दृश्यता प्रभावित होने की वजह से IMD ने देश की राजधानी दिल्ली में 'रेड अलर्ट' जारी कर दिया है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश समेत कई हिस्सों में कोहरा इतना गहरा है कि सड़क से लेकर हवाई यातायात प्रभावित हो रहा है।
कोहरे के कहर को देखते हुए आईएमडी ने चेतावनी दी है कि इस स्थिति के कारण कई हवाई अड्डों पर उड़ानों का संचालन बाधित हो सकता है और प्रमुख राजमार्गों व रेलवे मार्गों पर लंबी देरी की संभावना है, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। इस दौरान लोगों को सलाह दी गई है कि सड़कों पर यात्रा करते हुए वाहनों की गति धीमी रखें और लाइट जलाकर रखें, ताकि कोहरे के कारण होने वाले हादसों से बचा जा सकें।
कोहरे से यातायात प्रभावित
मौसम विभाग की मानें तो शुक्रवार यानी आज सुबह (19 नवंबर) मौसम की स्थिति बेहद गंभीर रही, जहां उत्तर प्रदेश के आगरा, बरेली और सहारनपुर से लेकर पंजाब के अमृतसर और लुधियाना, मध्य प्रदेश में ग्वालियर, बिहार में भागलपुर, और झारखंड में डाल्टनगंज में दृश्यता शून्य मीटर दर्ज की गई। दिल्ली के सफदरजंग और हरियाणा के अंबाला में भी हालात कुछ ऐसे रहे कि वाहन चलाना लगभग असंभव हो गया।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, घने कोहरे को देखते हुए मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड समेत कई राज्यों के 20 से अधिक जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। विभाग ने कोहरे की तीव्रता को स्पष्ट करते हुए बताया कि जब दृश्यता 0 से 50 मीटर के बीच होती है, तो उसे 'बहुत घना कोहरा' माना जाता है। इस स्थिति के कारण न केवल परिवहन प्रभावित हुआ है, बल्कि कोहरे की मार झेल रहे क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित होने और सड़क दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ने की भी आशंका जताई गई है।
यूपी से पंजाब तक जारी कोहरे का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के आगरा, अलीगढ़, बागपत, बरेली, बिजनौर, बुलंदशहर, एटा, इटावा, फिरोजाबाद, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, हापुड़, हाथरस, मथुरा, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, पीलीभीत, रामपुर, सहारनपुर, शाहजहांपुर और शामली में कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, उत्तराखंड के हरिद्वार और उधम सिंह नगर, पंजाब में अमृतसर, फतेहगढ़ साहिब, गुरदासपुर, पटियाला और संगरूर में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने जारी की एडवाइजरी
कोहरे के बढ़ते खतरे को देखते हुए IMD ने निवासियों के लिए एक विस्तृत सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। IMD ने लोगों को सलाह दी है कि वे बहुत जरूरी होने पर ही यात्रा करें। साथ ही साथ सड़कों पर वाहन चलाते समय 'फॉग लाइट' का उपयोग अनिवार्य है। मौसम विभाग ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे घर से निकलने से पहले एयरलाइंस, रेलवे और राज्य परिवहन के संपर्क में रहें और अपनी यात्रा के समय की करंट स्थिति को जरूर चेक करें, ताकि उन्हें आगे परेशानी का सामना न करना पड़े। विभाग ने सड़क और यातायात की स्थिति पर नजर रखने और संबंधित एजेंसियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने पर जोर दिया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम के सुधार होने तक सावधानी बरतने की अपील की है।
(इनपुट - भाषा)
