Delhi NCR Fog Alert: दिल्ली-एनसीआर एक बार फिर घने कोहरे के साए में कैद हो गया। गुरुवार सुबह कई इलाकों में घने कोहरे का असर देखने को मिला। जिसके कारण विजिबिलिटी बुरी तरह प्रभावित हुई। कोहरे की वजह से सड़क पर 50 मीटर की दूरी पर देखना भी मुश्किल हो रहा था। जिसके कारण वाहन चालकों के साथ ही पैदल चलने वालों को भी काफी समस्या हुई। घने कोहरे को देखते हुए मौसम विभाग ने सुबह साढ़े 8 बजे तक दिल्ली में रेड अलर्ट भी जारी कर दिया। जिसके बाद सुबह साढ़े 10 बजे तक घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में आज शीतलहर का येलो अलर्ट
दिल्ली घने कोहरे के साथ ही कोल्ड वेव की मार भी झेल रही है। IMD ने आज राजधानी में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि दिन में अब यहां ठंड से राहत देने वाली धूप निकलने लगी है। लेकिन सुबह-शाम अभी भी गलन वाली ठंड पड़ रही है। बुधवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, यह सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस कम था। वहीं अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से सिर्फ 0.1 डिग्री अधिक है।
NCR में घने कोहरे से घटी विजिबिलिटी
दिल्ली से सटे शहरों नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी आज सुबह घना कोहरा छाया रहा। जिसके कारण कई जगहों पर विजिबिलिटी 50 मीटर से कम दर्ज की गई। गुरुग्राम और फरीदाबाद में आज कोल्ड वेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं नोएडा और गाजियाबाद में शीतलहर के साथ ही पाला पड़ने की भी संभावना है। जिसको लेकर IMD ने येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही यहां घने कोहरे की भी चेतावनी दी गई है। जिसकेकारण रेल और हवाई यातायात पर भी प्रभाव पड़ सकता है।
