शहर

'चले देश में देशज भाषा': डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक की डॉक्टरों से अपील, हिंदी और देवनागरी में लिखें दवाओं के नाम

UP News: उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने डॉक्टरों से मरीजों की पर्ची पर दवाओं और जांचों के नाम हिंदी में लिखने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे मरीज अपनी दवाएं आसानी से समझ सकेंगे।

Image

उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने शुरू की नई मुहिम

UP News: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में भारतीय भाषाओं को बढ़ावा देने के लिए एक नई और अनूठी पहल की शुरुआत की है। "राष्ट्र नायकों की अभिलाषा, चले देश में देशज भाषा" के संदेश के साथ उन्होंने राज्य के सभी डॉक्टर बंधुओं से मरीजों की पर्ची पर दवाओं और जांचों के नाम हिंदी या देवनागरी लिपि में लिखने का विशेष आग्रह किया है।

मरीजों की सहूलियत और हिंदी का सम्मान

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि जब दवाओं और मेडिकल टेस्ट के नाम हिंदी में लिखे होंगे, तो मरीजों को यह स्पष्ट रूप से पता रहेगा कि वे कौन सी दवा ले रहे हैं और किस जांच से गुजर रहे हैं। इससे न केवल मरीजों की सहूलियत बढ़ेगी, बल्कि चिकित्सकीय व्यवस्था में उनका विश्वास भी कई गुना गहरा होगा। स्वास्थ्य मंत्री ने घोषणा की कि वे निजी तौर पर उन दवाओं को प्राथमिकता देंगे जिनके नाम हिंदी में लिखे होंगे, साथ ही हिंदी का प्रयोग करने वाले डॉक्टरों को सम्मानित भी करेंगे।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर संकल्प

एकात्म मानव दर्शन के प्रतिपादक और राष्ट्रवादी चिंतक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती का उल्लेख करते हुए ब्रजेश पाठक ने इसे एक 'पवित्र लोक पर्व' बताया। उन्होंने कहा कि आज का दिन भारतीय भाषाओं, विशेष रूप से हिंदी के अधिक से अधिक प्रयोग का संकल्प लेने का सबसे शुभ अवसर है।

प्रधानमंत्री मोदी और क्षेत्रीय भाषाओं से प्रेरणा

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेशों में भी हिंदी और भारतीय भाषाओं में जनसंवाद कर देश की संस्कृति का मान बढ़ाते हैं। हमें महापुरुषों के इन कार्यों और उनकी सम्यक सोच से प्रेरणा लेनी चाहिए।

उन्होंने डॉक्टरों को सलाह दी कि यदि वे अपने मरीजों से उनकी अपनी मातृभाषा-जैसे भोजपुरी या अवधी-में संवाद करेंगे, तो मरीज अपनी बात और बीमारी को और बेहतर ढंग से समझा सकेंगे। इससे डॉक्टर और मरीज के बीच का संबंध और अधिक मजबूत होगा।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article