शहर

Delhi News: रफ्तार के शौकीनों और नशेड़ियों पर भारी पड़ी दिल्ली पुलिस, एक रात में काटे गए 868 चालान

Delhi News: दिल्ली में जब सब लोग नए साल का स्वागत कर रहे उस दौरान दिल्ली की ट्रैफिक पुलिस सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटी थी। इस दौरान पुलिस ने नशे में गाड़ी चलाने और स्टंटबाजी करने वाले लोगों पर कार्रवाई करते हुए एक रात में 868 चालान काटे।

Image

नए साल की पूर्व संध्या पर दिल्ली पुलिस ने काटे 868 चालान (Photo- iStock)

Delhi News: देश की राजधानी में नए साल के स्वागत जोरों के साथ हुआ है। लेकिन इस बीच सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक व्यापक अभियान चलाया। गुरुवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, नए साल की पूर्व संध्या (New Year Eve यानी (31 दिसंबर) पर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्ती कार्रवाई की और पुलिस ने कुल 868 चालान काटे। बता दें कि पुलिस की इस सक्रियता का मुख्य उद्देश्य नशे में ड्राइविंग (Drunk Driving) के कारण होने वाले सड़क हादसों को रोकना और सुरक्षित उत्सव का माहौल सुनिश्चित करना था।

ब्रेथलाइजर टेस्ट के चेकपॉइंट्स किए गए तैयार

न्नयूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, नए साल की पूर्व संध्या पर ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने शहर की मुख्य सड़कों, रिहायशी इलाकों और नाइटलाइफ हब जैसे कनॉट प्लेस, हौज खास और एयरोसिटी में स्पेशल टीमों की तैनाती की थी। अधिकारी ने बताया कि इस दौरान कई स्थानों पर चेकपॉइंट बनाए गए थे, जहां ड्राइवरों का ब्रेथलाइजर टेस्ट किया गया। साथ ही उन्होंने बताया कि चेकिंग से बचने वाले वाहन चालकों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें लगातार अपनी लोकेशन बदलती रहीं। इस दौरान न केवल नशे में ड्राइविंग, बल्कि तेज रफ्तार में खतरनाक ड्राइविंग और स्टंटबाजी करने वालों पर भी पुलिस की पैनी नजर थी। उत्सव के जोश में होने वाले हादसों को रोकने के लिए और उन्हें टालने के लिए पुलिस की टीमें तत्पर थी।

20 हजार जवानी की तैनाती के साथ हाई-टेक निगरानी

दिल्ली पुलिस ने उत्सव को ध्यान में रखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी दिल्ली में करीब 20,000 जवानों की तैनाती की थी। प्रमुख क्षेत्रों में सादी कपड़ों में पुलिस फोर्स तैनात की गई थी। भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील पॉइंट्स पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों और जिला कंट्रोल रूम के बीच रियल-टाइम कोऑर्डिनेशन का इस्तेमाल किया जा रहा था। सीनियर अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से कनॉट प्लेस जैसे प्रमुख केंद्रों पर विशेष ध्यान दिया गया, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और किसी भी अप्रिय घटना पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

संदेश देना था पुलिस का मुख्य मकसद

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इस सघन चेकिंग अभियान का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना या नियमों का उल्लंघन करने वालों को दंडित करना नहीं था, बल्कि समाज में नशे में ड्राइविंग के खिलाफ एक कड़ा संदेश देना था। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शराब पीकर गाड़ी चलाना सड़क हादसों का एक प्रमुख कारण है और ऐसी सख्त कार्रवाई के जरिए भविष्य में लोगों को जागरूक करने और जान-माल की रक्षा करने का प्रयास किया जा रहा है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!