Delhi Traffic Update: गणतंत्र दिवस के शानदार आयोजनों के बाद अब 'बीटिंग रिट्रीट' की तैयारी शुरू हो चुकी है। आज यानी मंगलवार को विजय चौक पर इस भव्य समारोह का फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित किया जाएगा। यदि आप आज शाम के समय घर से बाहर निकलने वाले हैं, तो दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की यह एडवाइजरी आपके लिए बेहद जरूरी है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से सहयोग की अपील की है।
शाम 4 से 6 बजे तक ट्रैफिक पर रहेगा असर
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, रिहर्सल के दौरान आज शाम 4 बजे से 6 बजे तक कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। इस दौरान विजय चौक को आम ट्रैफिक के लिए पूरी तरह बंद रखा जाएगा। साथ ही विजय चौक की ओर जाने वाली कई संपर्क सड़कों पर भी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।
इन सड़कों पर नहीं चलेगा ट्रैफिक
एडवाइजरी के मुताबिक, रायसीना रोड पर कृषि भवन चौराहे से आगे, दारा शिकोह रोड राउंडअबाउट, कृष्णा मेनन मार्ग राउंडअबाउट और सुनेहरी मस्जिद राउंडअबाउट से विजय चौक की ओर ट्रैफिक बंद रहेगा। इसके अलावा कर्तव्य पथ पर विजय चौक से रफी मार्ग-कर्तव्य पथ चौराहे तक भी वाहनों की आवाजाही नहीं होगी।
वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह
ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को प्रभावित इलाकों से बचने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है। लोगों से रिंग रोड, रिज रोड, अरबिंदो मार्ग, मदरसा टी-पॉइंट, सफदरजंग रोड-कमाल अतातुर्क मार्ग, रानी झांसी रोड और मिंटो रोड जैसे रास्तों का उपयोग करने को कहा गया है, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके।
29 जनवरी को होगा मुख्य बीटिंग रिट्रीट समारोह
बीटिंग रिट्रीट की फुल ड्रेस रिहर्सल 27 जनवरी को होगी, जबकि मुख्य समारोह 29 जनवरी को आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन हर साल गणतंत्र दिवस समारोह के औपचारिक समापन का प्रतीक माना जाता है। इससे पहले सोमवार को कर्तव्य पथ पर 77वें गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान भारत की सांस्कृतिक विविधता, सैन्य ताकत और तकनीकी क्षमताओं की भव्य झलक देखने को मिली। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई।
यूरोपीय संघ की भागीदारी और सांस्कृतिक प्रस्तुति
गणतंत्र दिवस समारोह में यूरोपीय संघ की टुकड़ी ने भी हिस्सा लिया, जिसमें विभिन्न ईयू सैन्य और नौसैनिक बलों के ध्वज शामिल थे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने परेड की सलामी ली, जबकि राष्ट्रपति भवन से राष्ट्रीय युद्ध स्मारक तक कर्तव्य पथ को भव्य रूप से सजाया गया था। ‘विविधता में एकता’ थीम पर सांस्कृतिक कलाकारों की प्रस्तुति ने समारोह को और खास बना दिया।
