शहर

ट्रेन में चढ़ने के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, तमाशबीन बने रहे सुरक्षाकर्मी; दिल्ली के शाहदरा स्टेशन की घटना

शाहदरा रेलवे स्टेशन पर हरिद्वार जाने वाली योगा एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान कुछ यात्रियों में खूनी झड़प। मारपीट से बागपत के युवक की मौके पर ही तड़पकर मौत हो गई। भीड़ और सुरक्षाकर्मियों की अनदेखी पर सवाल उठ रहे हैं।

Image

मारपीट के बाद ही जमीन पर गिर गया था युवक

Photo : Times Now Digital

Delhi Shahdara Station Death: राजधानी दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर आज सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर हरिद्वार जाने वाली योगा एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे में चढ़ने के दौरान यात्रियों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी पंकज धामा के रूप में हुई है। सुबह करीब 6:00 बजे जैसे ही योगा एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर आकर रुकी, जनरल डिब्बे में चढ़ने के लिए यात्रियों के बीच भारी धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान पंकज धामा का कुछ अन्य यात्रियों से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सह-यात्रियों ने पंकज पर लात-घूसों की बरसात कर दी।

वीडियो में दिखा पूरा वाकया

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है। वीडियो में दिख रहा है कि मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मी ने बीच-बचाव करते हुए पंकज को भीड़ से छुड़ाया और ट्रेन से दूर फर्श पर खींच दिया। फर्श पर गिरने के बाद पंकज के शरीर में कुछ हलचल (तड़प) हुई थी, लेकिन वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी उसे उसी हाल में छोड़कर आगे बढ़ गए। प्लेटफॉर्म पर मौजूद किसी भी जिम्मेदार व्यक्ति ने जमीन पर पड़े पंकज को समय पर प्राथमिक उपचार देने या अस्पताल पहुंचाने की जहमत नहीं उठाई। इस गंभीर अनदेखी के कारण समय पर इलाज न मिलने से उसकी मौत हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए ओल्ड दिल्ली रेलवे पुलिस स्टेशन (PS ODRS) को शाहदरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर हुए इस हिंसक झगड़े की सूचना दी गई। नई दिल्ली रेलवे के डीसीपी सचिन शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच अधिकारी (IO) जब मौके पर पहुंचे तो पता चला कि उत्तर प्रदेश के बागपत के रहने वाले पीड़ित पंकज धामा के साथ योगा एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान सह-यात्रियों ने बेरहमी से मारपीट की थी। उन्हें मुक्कों और लातों से बुरी तरह पीटा गया था। पंकज धामा को तुरंत GTB अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए हैं। पुलिस ने नए कानून भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या) और धारा 3(5) (समान इरादे से कई लोगों द्वारा किया गया कृत्य) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

आंतरिक चोटें बनीं मौत का कारण

प्राथमिक चिकित्सा रिपोर्ट और पुलिस जांच के मुताबिक, मारपीट के दौरान पंकज के शरीर के अंदरूनी अंगों में गंभीर चोटें आईं, जो उसकी मौत की मुख्य वजह बनीं। फिलहाल पुलिस रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट करने वाले आरोपियों की शिनाख्त करने में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article