Delhi Building Collapse: दिल्ली के न्यू सीमापुरी इलाके में ईदगाह मछली मंडी के पास बुधवार को चार मंजिला इमारत गिरने से हुए दर्दनाक हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। मलबे से एक और शव बरामद किया गया है। घटनास्थल पर NDRF, दिल्ली फायर सर्विस, पुलिस, DDMA, MCD और CATS की टीमें मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रही हैं।
इससे पहले हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी, जिनमें दो बच्चे शामिल थे। हादसे में आठ लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को बचाकर राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, ताहिरपुर में भर्ती कराया गया है। घायलों की पहचान मोमिन मिर्जा (56), तीन वर्षीय बच्चा, अब्दुल रहमान (28), देववृद्धीन (28), सलमा (50), छोटे (34), सकीना (35) और समद (30) के रूप में हुई है।
