शहर

Delhi: हीटवेव अलर्ट के बीच स्कूलों में बड़ा बदलाव, अब हर घंटे बजेगी ‘वॉटर बेल’, आउटडोर खेलों पर रोक

दिल्ली में हीटवेव के खतरे को देखते हुए स्कूलों के लिए नई गाइडलाइन जारी की गई है। अब हर 45-60 मिनट पर पानी पीना याद दिलाने के लिए 'वॉटर बेल' बजेगी, और आउटडोर गतिविधियों पर रोक रहेगी।

Image

दिल्ली के स्कूलों में बजेगी ‘वॉटर बेल’ (AI Image)

Delhi News: दिल्ली में बढ़ती गर्मी और हीटवेव के खतरे को देखते हुए शिक्षा निदेशालय ने सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। मौसम विभाग द्वारा येलो अलर्ट जारी होने के बाद स्कूलों को छात्रों की सुरक्षा के लिए विशेष सावधानियां अपनाने को कहा गया है। स्कूलों को ठंडे पानी, जागरूकता और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

पानी के लिए बजेगी वॉटर बेल

जारी निर्देशों के अनुसार अब स्कूलों में आउटडोर असेंबली को सीमित किया जाएगा या छायादार/इनडोर स्थानों पर कम समय के लिए आयोजित किया जाएगा। खुले में क्लास लगाने पर भी रोक लगा दी गई है। छात्रों को डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए “वॉटर बेल” सिस्टम लागू करने को कहा गया है, जिसमें हर 45-60 मिनट पर पानी पीने की याद दिलाने के लिए घंटी बजाई जाएगी।

बच्चों को हल्के कपड़े पहनने की सलाह

स्कूलों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि परिसर में ठंडे और सुरक्षित पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था हो। साथ ही छात्रों को हल्के कॉटन कपड़े पहनकर आने और गर्मी से बचाव के बारे में जागरूकता सत्र आयोजित करने पर जोर दिया गया है।

इसके अलावा एडवाइजरी में कहा गया है कि:

  • छात्रों की आउटडोर खेल गतिविधियों से परहेज कराया जाए
  • क्लास टीचर रोजाना मौसम से जुड़ी सलाह अभिभावकों तक पहुंचाएं
  • स्कूलों में हीटवेव से बचाव से जुड़े पोस्टर प्रदर्शित किए जाएं
  • प्रत्येक स्कूल में एक नोडल शिक्षक नियुक्त किया जाए जो इन उपायों की निगरानी करेगा

2 मई तक स्कूलों को देनी होगी रिपोर्ट

शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को इन नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है। साथ ही उन्हें 2 मई 2026 तक अनुपालन रिपोर्ट भी जमा करने को कहा गया है।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article