Delhi Accident News: दिल्ली में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर फ्लाईओवर पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो जिंदगियां छीन ली। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बाइक बेकाबू होकर सीधे फ्लाईओवर की दीवार से जा टकराई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
बाइक से उछलकर नाले में गिरा युवक
जानकारी के अनुसार भलस्वा डेयरी इलाके में दो युवक बाइक पर सवार होकर तेज रफ्तार से फ्लाईओवर से गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और दीवार से टकराई गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई और दूसरा युवक बाइक से उछलकर नीचे बह रहे नाले में जा गिरा। जिसके बाद उसकी तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। हालांकि युवक की जान नहीं बच सकी।
घटना के कारणों की जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर बाबू जगजीवन राम अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मृतकों के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। प्राथमिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और बाइक का संतुलन बिगड़ना बताया जा रहा है। हालांकि अभी घटना का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
वहीं पश्चिम दिल्ली के विकासपुरी इलाके में से एक लूट की वारदात भी सामने आई है, जहां दो अज्ञात हमलावरों ने एक दुकानदार से बंदूक की नोक पर कथित तौर पर लूटपाट की। सूत्रों के अनुसार, आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए हेलमेट पहन रखे थे। पीड़ित दुकानदार के अनुसार आरोपी दुकान में रखी पूरी नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
