शहर

Delhi News: ड्राई डे पर अवैध शराब बेचने वालों पर दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 49 हजार लीटर शराब जब्त

मुहर्रम के दौरान ड्राई डे पर दिल्ली पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ 'ऑपरेशन शुद्ध प्रहार' चलाकर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने 49,000 लीटर शराब, 720 बीयर कैन और 42 हजार रुपये नकद बरामद किए। पांच मामलों में कार्रवाई की गई।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

Delhi News: दिल्ली पुलिस ने मुहर्रम के मौके पर ड्राई डे के दौरान अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। उत्तर-पूर्वी जिले की पुलिस ने 'ऑपरेशन शुद्ध प्रहार' के तहत कार्रवाई करते हुए शु्क्रवार को अलग-अलग मामलों में बड़ी मात्रा में शराब जब्त की है। इस दौरान लगभग 49 हजार लीटर अवैध शराब, 720 बीयर के कैन और 42 हजार रुपये नकद बरामद किए। इस मामले में पुलिस ने पांच अलग-अलग केस दर्ज किए गए हैं।

उत्तर-पूर्वी जिले के डीसीपी राहुल अलवाल ने बताया कि हाल ही में चलाए गए 'ऑपरेशन कवच' के बाद आबकारी कानून से जुड़े मामलों पर कार्रवाई करने के लिए 'ऑपरेशन शुद्ध प्रहार' शुरू किया गया। मुहर्रम के दिन ड्राई डे होने के कारण पुलिस को कई जगहों पर अवैध शराब बेचने की सूचना मिली थी। इसके बाद अलग-अलग थाना क्षेत्रों और जिला एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड (ANS) की टीम ने संयुक्त छापेमारी की।

सोनिया विहार से सबसे बड़ी शराब बरामदगी

पुलिस के अनुसार, इस अभियान के दौरान 27,200 क्वार्टर बोतलें यानी करीब 49,000 लीटर शराब बरामद की गई। इसके अलावा 720 बीयर के कैन और लगभग 42 हजार रुपये नकदी मिली है। पुलिस ने सबसे बड़ी कार्रवाई सोनिया विहार इलाके में की, जहां से 16,000 क्वार्टर बोतलें बरामद हुईं। वहीं भजनपुरा से भी करीब 11,000 क्वार्टर बोतलें जब्त की हुईं। अन्य बरामदगी अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई।

22 से 24 जून तक चला ऑपरेशन कवच

दिल्ली पुलिस ने इससे पहले 22 से 24 जून के बीच 'ऑपरेशन कवच 14.0' नाम से 48 घंटे का स्पेशल अभियान सफलतापूर्वक चलाया था। इस दौरान दिल्ली के सभी 15 जिलों में 4,035 स्थानों पर एक साथ छापा मारा गया। इस अभियान के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत 212 मामले दर्ज किए गए और 255 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 237 किलोग्राम से अधिक गांजा, 5.1 किलोग्राम ओजी गांजा, 1.09 किलोग्राम हेरोइन, साथ ही कोकीन, एमडीएमए और मेथामफेटामाइन जैसी मादक पदार्थ भी बरामद किए। इसके अलावा 23.27 लाख रुपये की नकदी भी जब्त की गई।

अभियान के दौरान अवैध हथियारों और शराब तस्करी के खिलाफ भी कार्रवाई हुई। आर्म्स एक्ट के तहत 315 मामलों में 329 लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं 405 शराब तस्करों को पकड़ा गया और 53,448 क्वार्टर अवैध शराब जब्त की गई।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article