शहर

Delhi Encounter: गुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग करने वाले दो शूटर एनकाउंटर में गिरफ्तार, बिश्नोई गैंग से जुड़े हैं बदमाश

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मुठभेड़ के बाद लॉरेंस बिश्नोई- अनिल पंडित गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान हकीकत और सागर के रूप में हुई। दोनों आरोपी मुठभेड़ के दौरान घायल हो गए। दोनों बदमाश गुरु रंधावा की जिम पर हुई फायरिंग के मुख्य शूटर बताए जा रहे हैं।

Image

Delhi Encounter

Photo : Times Now Digital

Delhi Police Encounter: दिल्ली में सिंगर गुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लॉरेंस बिश्नोई- अनिल पंडित गैंग से जुड़े दो मुख्य शूटरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

सोनीपत के रहने वाले हैं दोनों बदमाश

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों की पहचान हकीकत और सागर के रूप में हुई है। दोनों बदमाश हरियाणा के सोनीपत जिले के रहने वाले हैं। बुधवार देर रात दोनों बदमाश पश्चिम विहार इलाके में बाइक से घूम रहे थे। स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपियों किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की प्लानिंग कर रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने की कोशिश की।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने खुद को पुलिस से घिरा देखकर टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। जिसमें दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें दबोच लिया गया। बताया जा रहा है कि तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से पाकिस्तान निर्मित हथियार भी बरामद किए गए हैं।

11 जून को किया जिम के बाहर की फायरिंग

गौरतलब है कि 11 जून को पश्चिम विहार स्थित 24HS फिटनेस जिम के बाहर सुबह करीब 4 बजे फायरिंग की घटना हुई थी। यह जिम पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा से जुड़ा बताया जाता है। घटना के बाद मौके से 7 खाली कारतूस बरामद हुए थे। हालांकि इस हमले में कोई घायल नहीं हुआ था। जांच के दौरान सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अनिल पंडित उर्फ अनिल पंडित USA की एक पोस्ट सामने आई थी, जिसमें उसने फायरिंग की जिम्मेदारी ली थी। पोस्ट में दावा किया गया था कि गुरु रंधावा की एक्टर सलमान खान से नजदीकियों के कारण यह हमला कराया गया। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article