शहर

Delhi News: दिल्ली पुलिस की बड़ी कामयाबी, दो लापता लड़कियां सही-सलामत बरामद

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दो अलग-अलग मामलों में लापता हुई दो लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने 7 वर्षीय बच्ची और 17 वर्षीय किशोरी को दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से खोज निकाला। जिसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें अपने परिवारों से मिला दिया गया।

Image

दिल्ली पुलिस (प्रतिकात्मक फोटो)

Photo : iStock

Delhi News: दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने दो अलग अलग मामलों में राष्ट्रीय राजधानी और हरियाणा के गुरुग्राम से लापता हुईं सात और 17 साल की दो लड़कियों को बरामद कर लिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सात साल की बच्ची इस साल 28 जनवरी को गुरुग्राम के थाना सेक्टर 17-18 क्षेत्र से लापता हो गई थी। इस बाबत 30 जनवरी को संबंधित थाने में भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धारा के तहत एक मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि दूसरा मामला 17 वर्षीय लड़की का है जो दिल्ली के कंझावला थाना क्षेत्र से 21 मार्च 2025 को लापता हो गई थी और इस बाबत भी मामला दर्ज किया गया था।

अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) पंकज कुमार ने बताया कि दोनों मामलों की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी जांच अपराध शाखा की मानव तस्करी रोधी इकाई ने की। इस दौरान आसपास के लोगों से पूछताछ की गई और तकनीकी निगरानी की मदद से दोनों लड़कियों को दिल्ली के अलग अलग इलाकों से ढूंढ निकाला। उन्होंने बताया कि तकनीकी निगरानी और अन्य जानकारी के आधार पर सात वर्षीय बच्ची दिल्ली के करोल बाग स्थित फ्लैग चिल्ड्रेन होम में मिली।

बच्ची गुस्से में घर से निकलकर रास्ता भटक गई

डीसीपी के मुताबिक, जांच के दौरान पता चला कि बच्ची गुरुग्राम में अपनी एक करीबी रिश्तेदार के साथ रहती थी और वहीं पढ़ाई करती थी। उन्होंने बताया कि उसके माता-पिता झारखंड में रहते हैं। कुमार ने बताया कि 28 जनवरी को वह स्कूल नहीं गई थी और उसकी मां ने गांव से उसे फोन किया और फोन पर ही उसे डांटा जिससे गुस्से में आकर वह घर से निकल गई और रास्ता भटक गई। अधिकारी ने बताया कि बच्ची को सबसे पहले दिल्ली के मुखर्जी नगर में बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया और इसके बाद, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बच्ची को हरियाणा के गुरुग्राम सेक्टर 17-18 थाने के जांच अधिकारी को सौंप दिया गया।

मां से झगड़े के बाद छोड़ा घर

कुमार ने दूसरे मामले के बारे में बताया कि टीम ने तकनीकी निगरानी और अन्य सूचनाओं के आधार पर 17 वर्षीय लड़की को दिल्ली के सबदा गांव से ढूंढ निकाला। डीसीपी ने बताया कि जांच से पता चला है कि नाबालिग लड़की नौवीं कक्षा में पढ़ती थी और उसने पढ़ाई बीच में छोड़ दी थी। उन्होंने बताया कि मां से झगड़ा होने के बाद वह घर छोड़कर दिल्ली के गांव सबदा में अपनी स्कूल की सहेली के घर रहने चली गई थी और वहां उसने अपनी सहेली के साथ मजदूरी भी शुरू कर दी थी। कुमार ने बताया कि नाबालिग लड़की को मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए दिल्ली के कंझावला थाने के जांच अधिकारी को सौंप दिया गया है। पुलिस ने बताया कि दोनों लड़कियों को उनके परिवारों से मिला दिया गया है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article