शहर

रोहतक में दिल्ली पुलिस जवान की संदिग्ध मौत, हाईवे किनारे कार में मिला शव

रोहतक के NH-9 पर सांपला क्षेत्र में एक कार के अंदर दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल का शव मिला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच में दम घुटने की आशंका जताई जा रही है, मामले की जांच जारी है।

Image

कार में मिला दिल्ली पुलिस जवान का शव

Photo : Times Now Digital

Rohtak News: हरियाणा के रोहतक जिले से सोमवार को एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। नेशनल हाईवे-9 पर एक कार से दिल्ली पुलिस के एक जवान का शव मिला है। राहगीरों की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रोहतक पीजीआई भेज दिया है। मृतक की पहचान आसौदा गांव निवासी सुधीर के रूप में हुई है, जो दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल के पद पर आदर्श नगर थाने में तैनात बताया जा रहा है।

ढाबे के पास खड़ी कार में मिला शव

यह घटना नेशनल हाईवे-9 पर सांपला इलाके की है। जानकारी के अनुसार, संदिग्ध कार कनक ढाबे के पास हाईवे किनारे खड़ी थी। जब काफी देर तक कार में कोई हलचल नहीं दिखी तो राहगीरों को शक हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जब मौके पर पहुंचकर कार की जांच की गई तो अंदर एक व्यक्ति अचेत हालत में मिला, जिसकी बाद में मौत की पुष्टि हुई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। जवान की अचानक मौत की खबर से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। हालांकि अभी तक मौत के सही कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जांच में दम घुटने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। जिसके बाद वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article