शहर

ममता बनर्जी की बढ़ी मुश्किलें, TMC सांसद सुखेंदु रॉय ने राज्यसभा और पार्टी से दिया इस्तीफा

TMC के राज्यसभा सदस्य सुखेंदु शेखर रॉय ने राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया है। यही नहीं उन्होंने पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी को चिट्ठी भेजकर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता भी छोड़ दी है।

Image

सुखेंदु शेखर रॉय ने पार्टी और राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दिया (फोटो - https://aitcofficial.org/in-conversation-with-sukhendu-sekhar-roy)

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में करारी हार के बाद से ही पूर्व मुख्यमंत्री और TMC सुप्रीमो ममता बनर्जी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं। पहले पार्टी के लगभग 60 विधायकों ने एक अलग गुट बना लिया और कई सांसदों के भी पार्टी छोड़ने की बातें कही जा रही थीं। सांसदों के पार्टी छोड़ने की अटकलें सही साबित होती जा रही हैं।

आज यानी सोमवार 8 जून को पार्टी के राज्यसभा सदस्य सुखेंदु शेखर रॉय ने राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया है। यही नहीं सुखेंदु ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता भी छोड़ दी है। उन्होंने TMC सुप्रीम ममता बनर्जी को अपना इस्तीफा मेल कर दिया है।

पार्टी से इस्तीफा देने के बाद सुखेंदु शेखर रॉय ने कहा, मैंने वाम मोर्चा के खिलाफ लड़ाई लड़ी। करोड़ों की लूट हुई, नई सरकार को पूरी टेंडर चेक करने चाहिए। अस्पतालों में जो दवा खरीदी गई, उसकी बड़ी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा, RG Kar में जो हुआ आपने देखा, जनता सड़क पर आ गई थी, सबने विरोध प्रदर्शन किया।

पार्टी की कार्यशैली से नाराज थे सुखेंदु

सुखेंदु शेखर रॉय के इस्तीफे की अटकलें पहले से ही थीं। अटकलें हैं कि ग्लैमर वर्ल्ड से राज्यसभा का सफर तय करने वाली कोयल मल्लिक भी इस्तीफा दे सकते हैं। बताया जाता है कि सुखेंदु लंबे समय से पार्टी की कार्यशैली से नाराज चल रहे थे। दावा तो यह भी किया जा रहा है कि जल्द ही TMC के कई लोकसभा सांसद भी पार्टी से अलग हो सकत् हैं। ज्ञात हो कि सुखेंदु के इस्तीफे से पहले बंगाल में राज्यसभा की कुल 17 सीटों में से 13 टीएमसी और 3 भाजपा के पास थीं।

राज्यसभा चुनाव हुए तो भाजपा के पास आंकड़े

सुखेंदु शेखर रॉय के इस्तीफे को ममता बनर्जी और TMC के लिए बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है। अगर टीएमसी के और राज्यसभा सांसद इस्तीफा देते हैं तो राज्य में उपचुनाव की स्थिति होगी और उपचुनाव में भाजपा के पास संख्या बल अच्छा है। इसके अलावा टीएमसी के विधायक भी दो हिस्सों में बंट चुके हैं, ममता बनर्जी के लिए अपने उम्मीदवार को जिताना मुश्किल हो सकता है।

इधर ममता बनर्जी इंडिया ब्लॉक की मीटिंग के लिए दिल्ली आई हुई हैं। बता दें कि गुरुवार 4 जून को ही स्वयं सुखेंदु शेखर रॉय ने दावा किया था कि लोकसभा और राज्यसभा के कुछ TMC सांसद पार्टी से इस्तीफा दे सकते हैं और आज उनका इस्तीफा आ भी गया है। उनका कार्यकाल अभी 2029 तक था।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article