शहर

दिल्ली में गैस सिलेंडर की हेराफेरी, गैस एजेंसी के कर्मचारी ही निकले रैकेट के मास्टरमाइंड; 4 आरोपी अरेस्ट

दिल्ली के संगम विहार में क्राइम ब्रांच ने अवैध LPG रैकेट का पर्दाफाश करते हुए 183 इंडेन सिलेंडर बरामद किए हैं। पुलिस ने चार डिलीवरी एजेंट्स को भी गिरफ्तार किया है, जो ग्राहकों को सप्लाई करने के बजाय सिलेंडर गोदाम में जमा कर अवैध रिफिलिंग कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Image

संगम विहार में 183 गैस सिलेंडर बरामद

Photo : ANI

Delhi News: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने संगम विहार इलाके में अवैध एलपीजी गैस रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 183 इंडेन गैस सिलेंडर बरामद किए। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

अवैध स्टोरेज और रिफिलिंग का खेल खत्म

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेर सिंह, सूरज परिहार, रघु राज सिंह और जितेंद्र शर्मा के रूप में हुई है। सभी आरोपी एक अधिकृत गैस एजेंसी के रजिस्टर्ड डिलीवरी कर्मी हैं। हालांकि ये लोग डिलीवरी के नाम पर अवैध तरीके से गैस सिलेंडरों का भंडारण और रिफिलिंग कर रहे थे। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी एजेंसी से सिलेंडर लेने के बाद उन्हें ग्राहकों तक नहीं पहुंचाते थे, बल्कि किराए के गोदामों में उन्हें जमा कर देते थे।

संगम विहार में गैस माफिया पर पुलिस का शिकंजा

आरोपी इन सिलेंडरों को बाद मे अवैध तरीके से इस्तेमाल करते थे, जिससे सरकारी नियमों का उल्लंघन हो रहा था और सुरक्षा के लिहाज से भी बड़ा खतरा पैदा हो रहा था। पुलिस को इसकी सूचना मिलने के बाद छापेमारी की गई, जिसके बाद इस पूरे रैकेट का पर्दाफाश किया गया। पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के दौरान कुल 183 गैस सिलेंडर बरामद किए गए। जिनमें 154 सिलेंडर भरे हुए हैं और 29 खाली सिलेंडर मिले है। इसके अलावा मौके से लोहे के पाइप, वजन मापने के तराजू और गैस रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण भी बरामद हुए हैं।

आरोपियों के खिलाफ इन धाराओं में मामला दर्ज

क्राइम ब्रांच ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और यह नेटवर्क कितने समय से एक्टिव था।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!