Delhi News: दिल्ली पुलिस ने सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक संस्थानों और विभिन्न प्रतिष्ठानों को लगातार फर्जी धमकी भरे ईमेल भेजने के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी महिला देशभर में 200 से अधिक ईमेल भेज चुकी थी, जिनमें बम होने की झूठी चेतावनी, ईवीएम से जुड़े आरोप, भ्रष्टाचार के मुद्दे और अरावली क्षेत्र से संबंधित विषयों का जिक्र किया जाता था।
सुरक्षा को लेकर अफरातफरी का माहौल
इन ईमेलों के कारण कई सरकारी विभागों और संस्थानों में सुरक्षा को लेकर अफरातफरी की स्थिति पैदा हो जाती थी। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला 9 फरवरी 2026 से लगातार इस तरह के संदेश भेज रही थी। मामले की पड़ताल के दौरान पुलिस ने ईमेल से जुड़े मोबाइल नंबर की पहचान कर तकनीकी निगरानी शुरू की। हालांकि संबंधित मोबाइल लंबे समय तक बंद रहा, फिर भी जांच एजेंसियों ने तकनीकी विश्लेषण जारी रखा।
पुलिस ने बढ़ा जांच की रफ्तार
18 जून को एक और संदिग्ध धमकी भरा ईमेल प्राप्त होने के बाद पुलिस ने जांच की रफ्तार बढ़ा दी। इसके बाद 21 जून को तकनीकी सर्विलांस के आधार पर आरोपी की लोकेशन गुरुद्वारा बंगला साहिब के आसपास मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और गुरुद्वारा बंगला साहिब के बाहर से महिला को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार महिला की पहचान 41 वर्षीय सीमा लोहुमी के रूप में हुई है, जो गुजरात के अहमदाबाद की निवासी बताई जा रही है।
पूरे मामले की हर एंगल से पड़ताल जारी
पूछताछ के दौरान यह जानकारी सामने आई कि वह लंबे समय से अलग-अलग व्यक्तियों और संस्थानों को इस प्रकार के ईमेल भेज रही थी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि महिला का उपचार भी चल रहा है। फिलहाल पुलिस इस बात की गहन जांच कर रही है कि इन ईमेलों को भेजने के पीछे उसका वास्तविक उद्देश्य क्या था और इस गतिविधि में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका है या नहीं।
