Delhi News: दिल्ली पुलिस ने घोषित आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू के निर्देश पर यहां सिंघु बॉर्डर पर कथित तौर पर आपत्तिजनक नारे लिखने और खालिस्तान समर्थक भित्तिचित्र बनाने के मामले में पंजाब से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को जानकारी साझा करते हुए बताया कि सिंघु बॉर्डर पर दीवारों पर ये नारे और भित्तिचित्र छह सितंबर को मिले थे जिसके बाद दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पन्नू ने सोशल मीडिया पर ली घटना की जिम्मेदारी
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रतिबंधित खालिस्तान समर्थक संगठन 'सिख्स फॉर जस्टिस' (एसएफजे) के प्रमुख पन्नू ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'एक्स' पर एक पोस्ट साझा कर घटना की जिम्मेदारी भी ली थी। सूत्रों ने बताया कि आरोपियों की पहचान प्रीतपाल, हरमिंदर सिंह और शीशपाल के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि जांचकर्ताओं ने सिंघु बॉर्डर की सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर उनकी गतिविधियों का पता लगाया जिसके बाद उन्हें पंजाब के फरीदकोट से गिरफ्तार किया गया।
UAPA के तहत पहले से एक मामला दर्ज
सूत्रों ने कहा कि आरोपियों ने जिस कार का कथित तौर पर इस्तेमाल किया था, उसे भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रीतपाल कथित तौर पर पन्नू के सीधे संपर्क में था और पन्नू ने ही उसे सिंघु बॉर्डर के पास दीवारों पर आपत्तिजनक नारे लिखने का निर्देश दिया था। सूत्रों ने आगे बताया कि जांचकर्ता इस बात की भी पड़ताल कर रहे हैं कि प्रीतपाल कहीं पाकिस्तान में मौजूद आतंकी तत्वों के भी संपर्क में तो नहीं था। उन्होंने बताया कि प्रीतपाल के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत पहले से एक मामला दर्ज है। बताया जा रहा है कि जांच के सिलसिले में विशेष प्रकोष्ठ और खुफिया ब्यूरो (आईबी) की टीम अलीपुर थाने में तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही हैं।
