Delhi Crime News: दिल्ली के द्वारका इलाके में किराए के फ्लैट में रह रहे लिव-इन पार्टनर ने 26 वर्षीय एक युवती की कथित तौर पर हत्या कर दी और भागने से पहले उसके शव को अलमारी में डाल दिया। मृतका की पहचान रुखसार राजपूत के रूप में हुई।
पुलिस को दी गई सूचना
पुलिस ने कहा कि रात 10:40 बजे डाबरी पुलिस स्टेशन के पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को एक कॉल आई कि बुधवार को राजापुरी की गली नंबर 10 में एक लड़की की हत्या कर दी गई है। इसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची।
प्रेमी ने की युवती की हत्या
फोन करने वाले रुखसार के पिता मुस्तकीम ने पुलिस टीम को बताया कि उनकी बेटी के प्रेमी विपल टेलर नाम के शख्स ने उसकी हत्या कर दी है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी पिछले डेढ़ महीने से विपल टेलर के साथ इसी फ्लैट में रह रही थी।
अलमारी में छिपाया शव
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि फ्लैट में प्रवेश करने पर युवती का शव कमरे की अलमारी में पाया गया। अपराध जांच टीम और एफएसएल कर्मियों ने मौका-ए-वारदात का मुआयना किया। उन्होंने कहा कि युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए डीडीयू अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया गया।
अधिकारी ने कहा कि गुजरात के सूरत के मूल निवासी आरोपी विपल टेलर का पता लगाने के प्रयास जारी हैं और शिकायतकर्ता मुस्तकीम के बयान के आधार पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस टीमें इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाल रही हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
