दिल्ली

Delhi News: दिल्ली हाई कोर्ट को मिले 6 नए जज, अब कॉलेजियम में भी होगा बदलाव

दिल्ली हाई कोर्ट में आज सुबह छह नए जजों ने शपथ ली, जिससे कोर्ट में कुल न्यायाधीशों की संख्या 40 हो गई है। ये सभी जज विभिन्न उच्च न्यायालयों से स्थानांतरित होकर दिल्ली आए हैं। मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय ने उन्हें शपथ दिलाई।

Image

दिल्ली हाई कोर्ट (PC - PTI)

Photo : Twitter

Delhi High Court: दिल्ली हाई कोर्ट में सोमवार को छह नए न्यायाधीशों ने पद की शपथ ली। जिससे अदालत में न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 40 हो गई है। मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय ने उच्च न्यायालय परिसर में आयोजित एक समारोह में इन छह नए न्यायाधीशों को पद की शपथ दिलाई।शपथ लेने वाले छह न्यायाधीशों में न्यायमूर्ति वी. कामेश्वर राव, न्यायमूर्ति नितिन वासुदेव साम्ब्रे, न्यायमूर्ति विवेक चौधरी, न्यायमूर्ति अनिल क्षेत्रपाल, न्यायमूर्ति अरुण कुमार मोंगा और न्यायमूर्ति ओम प्रकाश शुक्ला शामिल हैं।

न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार दिल्ली हाई कोर्ट में नए जजों के शपथ ग्रहण के साथ ही न्यायाधीशों की संख्या 40 हो गई है। उच्च न्यायालय में न्यायाधीशों की स्वीकृत पदों की संख्या 60 है। न्यायमूर्ति चौधरी ने हिंदी में शपथ ली, जबकि अन्य पांच न्यायाधीशों ने अंग्रेजी में शपथ ली। न्यायमूर्ति साम्ब्रे इससे पहले बंबई उच्च न्यायालय में कार्यरत थे, जबकि न्यायमूर्ति चौधरी एवं शुक्ला इलाहाबाद उच्च न्यायालय में कार्यरत थे। न्यायमूर्ति क्षेत्रपाल पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में और न्यायमूर्ति मोंगा राजस्थान उच्च न्यायालय में सेवाएं दे रहे थे। न्यायमूर्ति राव का तबादला कर्नाटक उच्च न्यायालय से दिल्ली किया गया है।

दिल्ली हाई कोर्ट का कॉलेजियम होगा पुनर्गठित

दिल्ली उच्च न्यायालय के वरिष्ठतम न्यायाधीश विभु बाखरू को कर्नाटक उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत होने पर 16 जुलाई को विदाई दी गई। इस फेरबदल के परिणामस्वरूप उच्च न्यायालय के तीन सदस्यीय कॉलेजियम का पुनर्गठन भी होगा। अब तक उच्च न्यायालय कॉलेजियम में मुख्य न्यायाधीश उपाध्याय एवं न्यायमूर्ति बाखरू के अलावा न्यायमूर्ति प्रतिभा एम सिंह शामिल थीं। शपथ ग्रहण समारोह के बाद कॉलेजियम में मुख्य न्यायाधीश उपाध्याय, न्यायमूर्ति राव तथा न्यायमूर्ति साम्ब्रे शामिल होंगे क्योंकि वे न्यायमूर्ति सिंह से वरिष्ठ हैं। केंद्र सरकार ने 14 जुलाई को उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम की सिफारिशों के आधार पर इन छह न्यायाधीशों को उनके संबंधित उच्च न्यायालयों से दिल्ली उच्च न्यायालय में स्थानांतरित करने की अधिसूचना जारी की थी।

(इनपुट - भाषा)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें