Lok Sabha Election 2024:दिल्ली में लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार को समाप्त हो गई और कुल 268 उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया है। सोमवार को नामांकन दाखिल करने वाले प्रमुख उम्मीदवारों में कांग्रेस के उत्तर पूर्वी दिल्ली के उम्मीदवार कन्हैया कुमार और आम आदमी पार्टी (आप) से बहुजन समाजवादी पार्टी में शामिल हुए राज कुमार आनंद शामिल हैं। वह नई दिल्ली सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
प्रत्याशियों की संपत्ति
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निवर्तमान सांसद मनोज तिवारी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे कन्हैया कुमार के पास आठ लाख रुपये की चल संपत्ति है। निर्वाचन आयोग को सौंपे गये हलफनामे के अनुसार, उनके पास 2.65 लाख रुपये की अचल संपत्ति भी है। आनंद ने कुल 17 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति होने की जानकारी दी है। उनके और उनकी पत्नी के पास 51 लाख रुपये मूल्य के वाहन हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, उत्तर पूर्वी दिल्ली से सबसे अधिक 50 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है।
दिल्ली में छठें चरण में होगी वोटिंग
इस बार देशभर में लोकसभा चुनाव सात चरणों में होंगे। पहले चरण का चुनाव 19 अप्रैल को हुआ था और आखिरी चरण का चुनाव 1 जून को होगा। जिसके बाद 4 जून 2024 को मतों की गिनती की जाएगी। दिल्ली में लोकसभा चुनाव छठें चरण में 25 मई को होगा। दिल्ली की 7 सीटों पर एक ही चरण में मतदान होंगे। दिल्ली की सात सीटों में चांदनी चौक, उत्तर पूर्वी दिल्ली, दिल्ली पूर्व, नई दिल्ली, उत्तर पश्चिमी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली की सीटें हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
