दिल्ली

Delhi News: अफवाहों पर न दें ध्यान... नहीं बंद होगी बिजली-पानी और बस किराये पर सब्सिडी, बोले उपराज्यपाल

Delhi News: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के जेल में जाने के कारण लोगों में बिजली, पानी और महिलाओं की फ्री बस यात्रा को बंद करने को लेकर कई अफवाहें फैलाई जा रही है। लेकिन घबराने की कोई बात नहीं है उपराज्यपाल ने लोगों को आश्वासन दिया है कि दिल्ली में चल रही कोई भी सब्सिडी योजना बंद नहीं होगी।

Image

नहीं बंद होगी बिजली-पानी और बस किराये पर सब्सिडी

Photo : BCCL

Delhi News: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के जेल जाने के बाद आप समर्थकों द्वारा केंद्र सरकार पर गिरफ्तारी को लेकर लगातार निशाने साधे जा रहे हैं। इस बीच दिल्ली के लोग बिजली-पानी और बसों के किराये को लेकर परेशान है। पिछले कई दिनों से लोगों को कहते सुना जा रहा है कि दिल्ली के सीएम जेल में बंद है, लाइट मत जलाओ नहीं तो बिल आ जाएगा। इतना ही नहीं, ये भी सुनने में आ रहा है कि केंद्र सरकार और उपराज्यपाल सब्सिडी योजनाएं बंद कर देंगे। इस प्रकार की ढेरों अफवाहें तेजी से फैल रही हैं।

इन सब अफवाहों से परेशान हो रहे लोगों को राहत देने के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि दिल्ली में बिजली-पानी और बस किराये पर सब्सिडी की योजनाएं जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि निहित राजनीतिक स्वार्थों के लिए इस प्रकार की बातें फैलाई जा रही है। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने के लिए भी कहा है।

राज निवास द्वारा जारी किया गया बयान

दिल्ली के लोगों में बिजली-पानी और बस किराये को लेकर फैल रही अफवाहों पर राज निवास द्वारा एक बयान जारी किया गया है। इस बयान में उपराज्यपाल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के जेल में बंद होने के कारण मुफ्त बिजली, पानी और महिलाओं की फ्री बस यात्रा जैसी योजनाओं और सब्सिडी को बंद करने वाली झूठी और जानबूझकर गुमराह करने वाले बयानों को गंभीरता से लिया। उन्होंने बयान में लोगों को आश्वस्त किया है कि गरीबों को लाभ पहुंचाने वाली कोई भी सब्सिडी योजना बंद नहीं की जाएगी। इसके अलावा उन्होंने कहा कि निहित राजनीतिक स्वार्थों के लिये दिये जा रहे बयानों और अफवाहों पर ध्यान न दें।

राज निवास द्वारा जारी बयान में ये भी बताया गया कि इन योजनाओं को दिल्ली के लोगों द्वारा ही वित्त पोषित किया जाता है, जो करों के माध्यम से समेकित कोष में योगदान देते हैं। उपराज्यपाल ने अफवाहों पर कहा कि "ये योजनाएं भारत सरकार और उपराज्यपाल द्वारा अनुमोदित बजट का हिस्सा हैं। ये किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल से संबंधित नहीं हैं। इसलिए, सिर्फ एक व्यक्ति के जेल में होने से किसी भी योजना के प्रभावित होने का सवाल ही नहीं उठता है।"

मंत्री सौरभ भारद्वाज ने इसे आप प्रमुख की जीत बताया

उपराज्यपाल के इस बयान के बाद आम आदमी पार्टी के नेता एवं दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि सक्सेना का बयान ‘आप’ प्रमुख की जीत है। भारद्वाज ने कहा कि केजरीवाल के दिल्ली के मुख्यमंत्री रहने तक सभी सार्वजनिक कार्य किए जाएंगे और सब्सिडी योजनाएं जारी रहेंगी। भारद्वाज ने उपराज्यपाल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह केजरीवाल के लिए एक महत्वपूर्ण जीत है कि जेल में रहते हुए भी उन्होंने उपराज्यपाल को यह कहने के लिए मजबूर कर दिया है कि काम और जनकल्याण से जुड़ी योजनाएं जारी रहेंगी।" दिल्ली सरकार के एक बयान के अनुसार, "अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के लोगों से वादा किया था कि वह किसी भी काम को रुकने नहीं देंगे, चाहे वह जेल में हों या बाहर हों।"

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article