दिल्ली

Delhi : सफदरजंग अस्पताल के इमरजेंसी बिल्डिंग में लगी आग, शीशे तोड़कर बचाए गए 70 मरीज

राजधानी दिल्ली में स्थित सफदरजंग अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड की बिल्डिंग में आग लग गई। खिड़कियों के शीशे तोड़कर करीब 70 मरीजों को बाहर निकाला गया है।

Image

Delhi : सफदरजंग अस्पताल के इमरजेंसी बिल्डिंग में लगी आग, शीशे तोड़कर बचाए गए 70 मरीज

मुख्य बातें

  • सफदरजंग अस्पताल की एक बिल्डिंग में लगी आग
  • 70 मरीजों को सुरक्षित निकाला गया बाहर
  • अग्निशमन विभाग की टीमों ने आग पर पाया काबू

नयी दिल्ली स्थितसफदरजंग अस्पताल के आपात चिकित्सा भवन में मंगलवार को आग लग गई। आग लगने से पूरे अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में खिड़कियों के शीशे तोड़कर अस्पताल में भर्ती करीब 70 मरीजों को बाहर सुरक्षित निकाल लिया गया। जिस वार्ड में आग लगी है, वहां पर सिर्फ रैबीज यानी कुत्ते के काटने संबंधित मरीज मौजूद थे। दिल्ली अग्निशमन विभाग (डीएफएस) के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी जनहानि की खबर नहीं है।

डीएफएस प्रमुख अतुल गर्ग ने बताया कि अग्निशमन विभाग को सुबह करीब 10 बजकर 40 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली। उन्होंने कहा कि सफदरजंग अस्पताल के पुराने आपात चिकित्सा भवन के गेट नंबर छह पर आग लग गयी। सात दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गयीं। आग इस भवन के गोदाम में लगी है। अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि अब सब कुछ नियंत्रण में है तथा आग की वजह से किसी भी मरीज पर कोई असर नहीं पड़ा है।

घटना के समय अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉ. आयुष ने बताया कि उन्हें और अन्य को करीब साढ़े 10 बजे आग लगने के बारे में पता चला। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि थाना सफदरजंग अस्पताल के समीप है और पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अग्निशमन कर्मियों के साथ तालमेल कायम किया जो मौके पर पहुंच गये थे। उन्होंने दावा किया कि भूतल पर शॉट सर्किट के कारण आग लगी और धुएं की वजह से एक नर्स तीसरी मंजिल पर फंस गई, जिन्हें वहां से सुरक्षित बाहर लाया गया।

डीएफएस के संभागीय अधिकारी (दक्षिण) मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि फायर बाउजर’ समेत 11 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया था। हमने आग पर तत्काल काबू पा लिया तथा अस्पताल की एक खिड़की तोड़कर तीसरी मंजिल से एक बुजुर्ग नर्स को बचाया। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच में पता चलेगा कि आग की वजह क्या थी।

(इनपुट-भाषा)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article