बिजनेस

Corporate Tax: PM मोदी के साथ आए शशि थरूर, फिर बेरोजगारी और भ्रष्टाचार पर सरकार को घेरा

कांग्रेस के दिग्गज नेता शशि थरूर ने पीएम मोदी के उस बयान का समर्थन किया है, जिसमें कंपनियों की तरफ से कर छूट का लाभ कर्मचारियों को नहीं मिलने बात की गई है। हालांकि, थरूर ने समर्थन के साथ ही सरकार को घेरा भी है।

Image

शिश थरूर ने किया पीएम मोदी का समर्थन

PM Modi Corporate Tax : कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कॉरपोरेट टैक्स और रोजगार के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का समर्थन किया है। थरूर ने माना कि सरकार ने कंपनियों को टैक्स में राहत देकर निवेश, रोजगार और कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाने का मौका दिया, लेकिन कंपनियों ने अपनी जिम्मेदारी पूरी नहीं की। हालांकि, इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री के सुर में सुर मिलाने के बाद थरूर ने केंद्र सरकार को भी घेरा। उन्होंने देश में बेरोजगारी, कारोबार करने में मुश्किलों और भ्रष्टाचार को लेकर सरकार पर सवाल उठाए।

कंपनियों ने नहीं निभाई अपनी जिम्मेदारी: थरूर

प्रधानमंत्री की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए शशि थरूर ने कहा कि सरकार ने कंपनियों को टैक्स में राहत इसलिए दी थी, ताकि वे ज्यादा निवेश करें, नई नौकरियां पैदा करें और कर्मचारियों का वेतन बढ़ाएं। लेकिन कंपनियों ने इस दिशा में अपनी जिम्मेदारी पूरी नहीं की। न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में थरूर ने कहा कि प्रधानमंत्री की बात वास्तविकता पर आधारित है। कॉरपोरेट कंपनियों का अपना बचाव हो सकता है, लेकिन उन्हें प्रधानमंत्री की आलोचना से पूरी तरह बरी करना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि सरकार ने कंपनियों को कारोबार और निवेश बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन दिया, लेकिन इसके बदले कंपनियों ने कर्मचारियों और रोजगार के मोर्चे पर अपेक्षित योगदान नहीं दिया।

IIT ग्रेजुएट्स को भी नहीं मिल रही नौकरी

कॉरपोरेट कंपनियों की जिम्मेदारी स्वीकार करने के साथ ही थरूर ने देश में रोजगार के हालात पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि युवाओं, खासकर कॉलेज से पढ़ाई पूरी करने वाले ग्रेजुएट्स के लिए नौकरी पाना मुश्किल होता जा रहा है। थरूर ने कहा कि नेताओं को जनता से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर भी अर्थव्यवस्था की स्थिति समझनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि अब ऐसी स्थिति सामने आ रही है, जहां IIT से पढ़े ग्रेजुएट्स को भी प्लेसमेंट नहीं मिल पा रहा है। उनके मुताबिक, यह रोजगार के बाजार की गंभीर स्थिति को दिखाता है। उन्होंने यहां तक कहा कि कॉलेज ग्रेजुएट्स के बेरोजगार रहने के अनुपात के मामले में भारत दुनिया में सबसे खराब स्थिति वाले देशों में शामिल हो सकता है। हालांकि, यह उनका आकलन था, न कि किसी आधिकारिक आंकड़े का हवाला।

भ्रष्टाचार पर सरकार को घेरा

थरूर ने कहा कि रोजगार की पूरी जिम्मेदारी कॉरपोरेट कंपनियों पर डालकर सरकार अपनी जवाबदेही से बच नहीं सकती। अर्थव्यवस्था को नीतिगत स्तर पर ध्यान देने और सुधारों की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरकार को कारोबार से जुड़े नियमों को और आसान बनाना चाहिए। भारत में Ease of Doing Business यानी कारोबार करने में आसानी का दावा जमीनी हकीकत से मेल नहीं खाता। कांग्रेस सांसद ने भ्रष्टाचार को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन कारोबारियों से वह बातचीत करते हैं, उनके मुताबिक भ्रष्टाचार पहले से ज्यादा बढ़ गया है। प्रधानमंत्री के चर्चित नारे 'न खाऊंगा, न खाने दूंगा' पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अब लगता है कि इसका मतलब केवल बीफ तक सीमित था।

PM मोदी ने कंपनियों से क्या कहा?

दरअसल, 19 नवंबर को FICCI के वार्षिक सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कॉरपोरेट कंपनियों से टैक्स में राहत के बदले रोजगार और वेतन बढ़ाने को लेकर सवाल किया था। प्रधानमंत्री ने बताया था कि सरकार ने बेसिक कॉरपोरेट टैक्स की दर 30% से घटाकर 22% कर दी है। इसके अलावा नई टैक्स व्यवस्था में सालाना ₹12 लाख तक की आय को टैक्स राहत दी गई है। मोदी ने कंपनियों से पूछा था कि जब सरकार ने टैक्स का बोझ कम किया है, तो क्या उन्होंने कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई और उनकी सैलरी में इजाफा किया? उन्होंने उद्योग जगत से कहा कि कंपनियों को केवल सरकार से उम्मीद करने के बजाय अपने कर्मचारियों के लिए भी अधिक काम करना चाहिए।

इनपुट एजेंसीज

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article