देश

'चुनाव आयोग को एक हफ्ते का अल्टीमेटम...', बंगाल में वोटर लिस्ट से नाम कटने वालों को SC की राहत, जानें EC को क्या दिया निर्देश

पश्चिम बंगाल में SIR को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग को निर्देश दिया है कि वोटर लिस्ट से नाम कटने वाले लोगों की अपीलों पर पहले सुनवाई की जाए। कोर्ट ने अपीलीय न्यायाधिकरणों की संख्या बढ़ाने और कोलकाता में अलग-अलग जगहों पर व्यवस्था करने को कहा है।

Image

बंगाल में SIR पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, पहले सुनी जाएंगी वोटर लिस्ट से नाम कटने वालों की अपीलें। istock

Photo : iStock

West Bengal SIR News: पश्चिम बंगाल में वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने अहम अंतरिम आदेश दिया है। कोर्ट ने अपीलीय ट्रिब्यूनलों को निर्देश दिया है कि मतदाता सूची से जिन लोगों के नाम हटाए गए हैं, उनकी अपीलों को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए। वहीं, जिन अपीलों में किसी व्यक्ति का नाम वोटर लिस्ट में शामिल किए जाने को चुनौती दी गई है, उनकी सुनवाई फिलहाल टालने को कहा गया है।

सुप्रीम कोर्ट ने खास तौर पर कोलकाता नगर निगम क्षेत्र के मतदाताओं की अपीलों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। कोर्ट का कहना है कि जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, उनकी अपीलों का जल्द निपटारा जरूरी है।

अपीलीय ट्रिब्यूनलों की संख्या बढ़ाने का निर्देश

सुप्रीम कोर्ट ने अपीलों की सुनवाई में तेजी लाने के लिए अपीलीय ट्रिब्यूनलों की संख्या बढ़ाने का भी निर्देश दिया है। चुनाव आयोग को कलकत्ता हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस से परामर्श और उनकी सिफारिशों के आधार पर इस संबंध में जरूरी कदम उठाने को कहा गया है।

कोर्ट ने चुनाव आयोग को निर्देश दिया है कि वह अलग-अलग स्थानों पर अपीलीय ट्रिब्यूनलों के कामकाज के लिए उपयुक्त ऑफिस की व्यवस्था करे, ताकि अपीलों की सुनवाई और उनका निपटारा तेजी से हो सके। इसके लिए चुनाव आयोग को एक हफ्ते का समय दिया गया है।

राशन और दूसरी सुविधाएं रोके जाने की शिकायत पर क्या बोला कोर्ट?

सुनवाई के दौरान वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण ने शिकायत की कि जिन लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं, उन्हें राशन कार्ड और दूसरी नागरिक सुविधाओं से भी वंचित किया जा रहा है। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वह पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि उसका आदेश केवल मतदाता सूची तक सीमित है। यदि किसी व्यक्ति को सामाजिक कल्याण की योजनाओं या दूसरी सुविधाओं से वंचित किया जा रहा है, तो वह राहत के लिए संबंधित हाईकोर्ट का रुख कर सकता है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article