सोशल मीडिया का बच्चों की पढ़ाई, मानसिक स्वास्थ्य और व्यवहार पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर दुनियाभर में चिंता बढ़ रही है। इसी बीच बांग्लादेश की एक अदालत ने 16 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर रोक लगाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अदालत ने संबंधित अधिकारियों को ऐसे बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल को रोकने के लिए अनिवार्य अंतरिम दिशा-निर्देश तैयार करने का आदेश दिया है। साथ ही सोशल मीडिया पर दिखाए जाने वाले एल्गोरिदम आधारित कंटेंट के बच्चों पर पड़ने वाले प्रभावों की जांच के लिए विशेषज्ञ समिति बनाने को भी कहा है।
अदालत ने अधिकारियों को क्या निर्देश दिए?
समाचार पत्र 'प्रथम आलो' की रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेश के उच्चतम न्यायालय के उच्च न्यायालय प्रभाग ने रविवार को एक रिट याचिका पर सुनवाई करते हुए ये निर्देश जारी किए। याचिका में सरकार की ओर से 16 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल को नियंत्रित करने के लिए राष्ट्रीय नीति नहीं बनाए जाने पर सवाल उठाया गया था।
न्यायमूर्ति सिकदर महमूदुर रजी और न्यायमूर्ति फातिमा अनवर की पीठ ने डाक एवं दूरसंचार विभाग के सचिव और बांग्लादेश दूरसंचार नियामक आयोग (BTRC) के अध्यक्ष समेत संबंधित अधिकारियों को इस मामले में जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया। अदालत ने अधिकारियों से बच्चों को सोशल मीडिया के संभावित नुकसान से बचाने के लिए अनिवार्य अंतरिम दिशा-निर्देश तैयार करने को कहा है।
एल्गोरिदम के बच्चों पर प्रभाव की होगी जांच
अदालत ने सिर्फ सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर रोक लगाने की बात नहीं कही, बल्कि बच्चों को दिखाए जाने वाले कंटेंट की भी जांच करने का निर्देश दिया है। इसके लिए साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों, बाल मनोवैज्ञानिकों, बाल रोग विशेषज्ञों और कानूनी विशेषज्ञों की एक स्वतंत्र समिति गठित की जाएगी। यह समिति मुख्य रूप से जांच करेगी कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के एल्गोरिदम बच्चों को किस तरह का कंटेंट दिखाते हैं और इसका उनके व्यवहार पर क्या असर पड़ता है।
दरअसल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म यूजर की पसंद और गतिविधियों के आधार पर वीडियो, फोटो और दूसरी पोस्ट सुझाते हैं। कई बार एक तरह का कंटेंट देखने के बाद प्लेटफॉर्म उसी से जुड़ी दूसरी पोस्ट लगातार दिखाने लगते हैं। इससे बच्चे लंबे समय तक स्क्रीन पर समय बिता सकते हैं और उनकी कंटेंट देखने की आदत प्रभावित हो सकती है।
बच्चों की सेहत और विकास को लेकर बढ़ी चिंता
सोशल मीडिया का ज्यादा इस्तेमाल बच्चों की नींद, पढ़ाई, शारीरिक गतिविधियों और मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है। इसके अलावा बच्चों के सामने अनुचित या उनकी उम्र के हिसाब से सही नहीं होने वाला कंटेंट आने का खतरा भी रहता है।
इसी वजह से कई देशों में बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल के लिए उम्र आधारित नियम बनाने पर चर्चा हो रही है। सरकारें ऐसे उपाय तलाश रही हैं, जिनसे नाबालिगों को नुकसान पहुंचाने वाले ऑनलाइन कंटेंट और डिजिटल प्लेटफॉर्म के संभावित दुष्प्रभावों से बचाया जा सके।
विशेषज्ञ समिति अदालत को सौंपेगी रिपोर्ट
बांग्लादेश की अदालत ने गठित होने वाली विशेषज्ञ समिति को एल्गोरिदम आधारित सुझाव प्रणाली के कई पहलुओं की जांच करने को कहा है। इसमें बच्चों के व्यवहार, उनकी ऑनलाइन कंटेंट तक पहुंच और उनके समग्र विकास पर पड़ने वाले प्रभाव शामिल होंगे। समिति अपनी रिपोर्ट अदालत में पेश करेगी। इसके आधार पर बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल को नियंत्रित करने के लिए जरूरी नियम और सुरक्षा उपाय तय करने में मदद मिलेगी।
फिलहाल अदालत के निर्देशों के बाद संबंधित अधिकारियों को अंतरिम दिशा-निर्देश तैयार करने की प्रक्रिया आगे बढ़ानी होगी। यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब बच्चों को सोशल मीडिया की लत और ऑनलाइन कंटेंट के संभावित नुकसान से बचाने के लिए दुनियाभर में नए नियमों की मांग बढ़ रही है।
