Lok Sabha Elections 2024: दिल्ली के एक पोलिंग बूथ से फर्जी वोटिंग का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक 60 वर्षीय वोटर के पोलिंग बूथ पर पहुंचने पर उसे पता चला कि उसकी जगह किसी और ने वोट डाल दिया है। जिसके बाद उसे वोट डालने का मौका नहीं मिला। यह घटना उत्तर पूर्वी दिल्ली के घोंडा में ज्ञान सरोवर पब्लिक स्कूल पोलिंग बूथ की है। इस बूथ पर कई वोटर्स ने गड़बड़ियों की शिकायत की है।
नहीं डाल सके वोट
आज दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहे हैं। इस दौरान 60 वर्षीय सोहनलाल मिश्र घोंडा में ज्ञान सरोवर पब्लिक स्कूल पोलिंग बूथ पर वोट डालने के लिए आए थे। वे सुबह के करीब 11 बजे मतदान के लिए बूथ पर पहुंचे थे। जहां करीब एक घंटे के इंतजार के बाद वोट डालने के लिए उनकी बारी आई, लेकिन पोलिंग बूथ पर मौजूद अधिकारियों ने उन्हें बताया कि उनका वोट पड़ चुका है। सोहनलाल ने अधिकारियों से कहा कि उन्होंने अभी तक वोट नहीं डाला है, तो उनकी जगह किसी ओर ने कैसे वोट दे दिया। उन्होंने वोट डालने के लिए बार-बार अनुरोध किया। इसके बावजूद उन्हें वोट डालने नहीं दिया गया।
वोटिंग लिस्ट से लोगों का नाम गायब
जब सोहनलाल ने इस बात की जानकारी स्थानीय विधायक को दी, तो वे पोलिंग बूथ पर पहुंचे और सोहनलाल की टेंडर वोटिंग कराई गई। ज्ञान सरोवर पब्लिक स्कूल पोलिंग बूथ पर वोट डालने आए कई मतदाताओं ने इस बूथ पर गड़बड़ियों की शिकायत कई। वोटर्स ने बताया कि कई लोगों के घर पर वोटिंग स्लिप पहुंच गई, लेकिन वोटिंग लिस्ट से उनका नाम गायब है, जिस कारण वे लोग वोट नहीं कर पाए हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
