Delhi Ka Mausam (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 9-June-2025: दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों आसमान से आग बरस रही है। बारिश न होने के कारण यहां भीषण गर्मी पड़ रही है। उमस भरी गर्मी से न ही दिन में चैन पड़ रहा है और न ही रात में सुकून है। दिन में झुलसाती धूप के कारण लोग घरों से बाहर निकलने से भी बच रहे हैं। दिल्ली में अगले तीन दिन प्रचंड गर्मी पड़ने वाली है जिसको देखते हुए मौसम विभाग ने हॉट डे का येलो अलर्ट भी जारी किया है। इस दौरान धूल भरी हवाएं चलने के भी आसार हैं। साथ ही आंशिक रूप से बादलों की आवाजाही भी देखने को मिल सकती है। एनसीआर के शहरों में भी ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है।
3 दिन बेहद गर्म रहेंगे दिन
मौसम विभाग के अनुसार 9 से 11 जून तक दिल्ली में बेहद गर्म दिन रहने वाले हैं। इस दौरान भीषण गर्मी और उमस परेशान करेगी। साथ 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलने की भी संभावना है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस तक रहने के आसार हैं।
12 जून से पलटी मारेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में 12 जून से मौसम यूटर्न लेगा। मौसम विभाग के अनुसार 12 जून से राजधानी में बादलों की आवाजाही देखने को मिलेगी। 14 जून तक दिल्ली में आंधी-बारिश वाला मौसम रहने की संभावना जताई जा रही है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। शाम या रात के समय हवा की गति 60 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है। साथ ही बादल गरजने और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। बारिश होने से तापमान में भी गिरावट होने का अनुमान है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
