UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 9-June-2025: उत्तर प्रदेश में इन दिनों सूरज आग बरसा रहा है। गर्मी इतनी भयंकर पड़ रही है कि कूलर-पंखा सब फेल हो रहा है। रात में भी लोगों को उमस के कारण चैन की नींद नहीं मिल पा रही है। प्रदेश में आज से लू का तांडव भी देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने आज 19 जिलों में लू का येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि 48 घंटे बाद यूपी में एक बार फिर मौसम में करवट बदलने वाला है। 11 जून से प्रदेश में बारिश का सिलसिला फिर से शुरू होने का अनुमान है।
इन जिलों में लू का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार आज पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कई जिलों में लू की स्थिति देखने को मिलेगी। सोमवार को बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, सोनभद्र, फतेहपुर, मिर्जापुर, वाराणसी, चंदौली, संत रविदास नगर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, इटावा, झांसी, ललितपुर, जालौन, हमीरपुर, औरेया और महोबा में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। 10 जून को भी कई जिलों में लू को लेकर चेतावनी जारी की गई है। जिसके बाद 11 जून से एक बार फिर बादलों की आवाजाही देखने को मिलेगी।
11 जून से फिर बारिश का दौर
आईएमडी के अनुसार 11 जून से शुरू होने वाली बारिश का असर सबसे पहले पूर्वी यूपी के जिलों में देखने को मिलेगा। जिनमें वाराणसी, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, कुशीनगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गाजीपुर, बलिया, आजमगढ़, मऊ, गोरखपुर, देवरिया, संत कबीर नगर, जौनपुर और भदोही जैसे जिले मुख्य रूप से शामिल हो सकते हैं। जिसके बाद बारिश धीरे-धीरे पश्चिमी ओर बढ़ेगी और लखनऊ, कानपुर जैसे मध्य यूपी के जिलों में इसका प्रभाव देखने को मिल सकता है। जिससे लू की स्थिति कमजोर पड़ने लगेगी और तापमान में भी कमी आएगी।
आगरा में रहा 44.8 डिग्री पारा
यूपी में रविवार को अधिकतर जिलों में भीषण गर्मी ने कहर बरपाया। सबसे गर्म जिला इस दौरान आगरा 44.8 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ रहा। जिसके बाद झांसी का अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। रविवार को यूपी के आधा दर्जन से अधिक जिलों में 43 डिग्री के आसपास पारा रहा। यूपी में अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो सकती है। इस दौरान गर्म सतही पछुआ हवाएं चलने और हीटवेव की स्थिति रहने के आसार हैं।
