भारतीय बाजार में Hero MotoCorp की बाइक्स को खूब पसंद किया जाता है। बीते महीने अक्टूबर में भी Splendor और HF Deluxe का दबदबा बरकरार रखा। वहीं, Glamour, Passion और Xtreme 125R जैसी बाइक्स भी टॉप-5 में अपनी जगह बनाने में कामयाब रहीं। आइए जल्दी से जान लेते हैं पिछले महीने अक्टूबर में
हीरो की किन बाइक्स को सबसे ज्यादा पसंद किया गया-
Hero Splendor
Hero Splendor अक्टूबर 2026 में कंपनी की सबसे ज्यादा बिकने वाली बाइक रही। इस दौरान Splendor की कुल 3.94 लाख यूनिट बिकीं, जबकि अक्टूबर 2025 में यह आंकड़ा 3.22 लाख यूनिट था। इस तरह बाइक की बिक्री में सालाना आधार पर 23 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। दरअसल, Splendor को शहरों और गांवों दोनों बाजारों में पसंद किया जाता है। इस बाइक को किफायती कीमत, बेहतर माइलेज, आसान मेंटेनेंस और प्रैक्टिकल डिजाइन की वजह से ही पसंद किया जाता है।
Hero HF Deluxe
Splendor के बाद Hero HF Deluxe भी अक्टूबर में खूब बिकी। अक्टूबर 2026 में इस बाइक की 1.09 लाख यूनिट बिकीं। पिछले साल इसी महीने में कंपनी ने इसकी 1.14 लाख यूनिट बेची थीं। यानी बिक्री में 4 फीसदी की गिरावट आई। इसके बावजूद यह रोजाना सफर करने वाले ग्राहकों के बीच एक लोकप्रिय विकल्प बनी हुई है। किफायती कीमत और साधारण डिजाइन इसकी खासियत हैं।
Hero Glamour
Hero Glamour अक्टूबर में तीसरी सबसे ज्यादा बिकने वाली बाइक रही। इसकी 26,581 यूनिट बिकीं, जो पिछले साल की 28,823 यूनिट के मुकाबले 8 फीसदी कम हैं। हालांकि, बेहतर स्टाइलिंग और परफॉर्मेंस चाहने वाले कम्यूटर ग्राहकों को यह बाइक बेहद पसंद आती है।
Hero Passion
हीरो की सबसे ज्यादा बिकने वाली बाइक की लिस्ट में चौथे नंबर पर Hero Passion रही। अक्टूबर 2026 में इसकी 21,852 यूनिट बिकीं। पिछले साल के 26,640 यूनिट के मुकाबले इसकी बिक्री में 18 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, Hero Passion को भी किफायती कीमत और रोजमर्रा के इस्तेमाल की सहूलियत की वजह से ही पसंद किया जाता है।
Hero Xtreme 125R
हीरो की सबसे ज्यादा बिकने वाली बाइक में पांचवें नंबर पर Hero Xtreme 125R रही। इसकी 21,667 यूनिट बिकीं, जो पिछले साल के मुकाबले 12 फीसदी कम हैं। स्पोर्टी डिजाइन और आकर्षक लुक के चलते यह खासतौर पर युवा ग्राहकों को पसंद आती है।
इसके अलावा, इन पांच हीरो बाइक के अलावा, Super Splendor, Xpulse 200, Xtreme और Xtreme 250R भी हीरो की सबसे ज्यादा बिकने वाली बाइक रहीं। Super Splendor की 20,763 यूनिट बिकीं, जिसमें सालाना आधार पर 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसी तरह, Xpulse 200 की 5,025 यूनिट बिकीं और इसकी बिक्री 21 प्रतिशत बढ़ी। हालांकि, Xtreme की 1,785 यूनिट और Xtreme 250R की 262 यूनिट बिकीं। इन दोनों ही बाइक की बिक्री में सालाना आधार पर गिरावट दर्ज की गई।
