क्रिकेट

वैभव सूर्यवंशी के नाम दर्ज हुए कितने वर्ल्ड रिकॉर्ड? जानिए हर ऐतिहासिक पारी की पूरी कहानी

Vaibhav Sooryavanshi: वैभव की पारी की शुरुआत ही तूफानी थी। उन्होंने 16 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और फिर 28 गेंद में शतक जड़ दिया। इसके साथ ही उन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया। उन्होंने मात्र 52 गेंदों में दोहरा शतक जड़कर सबसे तेज 200 का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बना डाला।

Image

वैभव सूर्यवंशी (फोटो साभार- @BCCI)

Vaibhav Sooryavanshi: दोहा में भारत और यूएई के बीच खेले जा रहे राइजिंग स्टार्स एशिया कप के मुकाबले में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने ऐसा तूफान मचाया कि पूरी क्रिकेटिंग दुनिया देखती रह गई। वैभव ने महज 53 गेंदों में 7 चौके और 28 छक्कों की मदद से 204 रन की पारी खेली और एक ही मैच में कई वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।

28 गेंदों में शतक का वर्ल्ड रिकॉर्ड

वैभव की पारी की शुरुआत ही तूफानी थी। उन्होंने 16 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और फिर 28 गेंद में शतक जड़ दिया। इसके साथ ही उन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के जैक फ्रेजर मैकगर्क के नाम था, जिन्होंने 29 गेंद में शतक लगाया था। वैभव ने उनसे एक गेंद पहले ही यह उपलब्धि हासिल कर ली। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर एबी डिविलियर्स हैं, जिन्होंने 31 गेंद में शतक जड़ा था, जबकि सकीबुल गनी ने 32 गेंद और ईशान किशन ने 33 गेंद में यह कारनामा किया था।

40 गेंदों में 150 रनों का वर्ल्ड रिकॉर्ड

वैभव सूर्यवंशी सिर्फ यहीं नहीं रुके। उन्होंने 40 गेंद में 150 रन पूरे किए और लिस्ट ए में सबसे तेज 150 का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड भी उन्हीं के नाम था, जब उन्होंने 2025 में बिहार की ओर से अरुणाचल के खिलाफ 59 गेंद में 150 रन बनाए थे। इस लिस्ट में एबी डिविलियर्स 64 गेंद और जोस बटलर 65 गेंद में 150 रन के साथ पीछे हैं।

52 गेंदों में दोहरा शतक का वर्ल्ड रिकॉर्ड

इसके बाद वैभव ने 52 गेंद में दोहरा शतक जड़कर सबसे तेज 200 का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड 103 गेंद में दोहरा शतक लगाने वाले चैड बोवेस के नाम था। एन जगदीशन और हैरी ब्रुक ने 114-114 गेंद में दोहरा शतक लगाया था, लेकिन वैभव ने इस रिकॉर्ड को आधा कर दिया।

28 छक्कों का वर्ल्ड रिकॉर्ड

वैभव की इस पारी में सबसे ज्यादा चर्चा उनके 28 छक्कों की हो रही है। उन्होंने एक ही पारी में 28 छक्के लगाकर प्रोफेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड बना दिया। इससे पहले तन्मय अग्रवाल ने 26 छक्के लगाए थे, जबकि कॉलिन मुनरो और डीआर्सी शॉर्ट ने 23-23 छक्के लगाए थे। लिस्ट ए क्रिकेट में भी 28 छक्के सबसे ज्यादा हैं। इससे पहले डीआर्सी शॉर्ट ने 23 और बेवन जैकब्स ने 21 छक्के लगाए थे।

अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में 175 रन जड़कर बनाया था वर्ल्ड रिकॉर्ड

6 फरवरी 2026 को आईसीसी अंडर-19 विश्व कप 2026 के फाइनल में वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंदों पर 175 रन की यादगार पारी खेली थी। उनकी इस विस्फोटक पारी के दम पर भारत ने छठी बार अंडर-19 विश्व कप की ट्रॉफी अपने नाम की थी। इस पारी के साथ वैभव अंडर-19 विश्व कप फाइनल में सबसे तेज शतक लगाने और सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। साथ ही वह अंडर-19 विश्व कप के इतिहास में एक पारी और एक टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बने। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 30 छक्कों की मदद से 439 रन बनाए थे।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article